महिला आयोग की जनसुनवाई में 5 शिकायतें आईं:सहारनपुर में घरेलू हिंसा के 2, जमीन के 2 और नगर निगम का 1 मामला; अधिकारियों से रिपोर्ट मांगी
सहारनपुर के तहसील सदर सभागार में शुक्रवार को राज्य महिला आयोग की जनसुनवाई हुई। दोपहर 3 बजे तक आयोग की सदस्य सपना कश्यप ने महिलाओं और बालिकाओं की शिकायतें सुनीं। जनसुनवाई में कुल 5 मामले आए। इनमें घरेलू हिंसा के 2, जमीन से जुड़े राजस्व विभाग के 2 और नगर निगम का 1 मामला शामिल था। सपना कश्यप ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को मामलों का जल्द निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों का समय पर समाधान किया जाए। जिन मामलों में पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई जरूरी है, उनमें अधिकारी आपसी तालमेल से काम करें। हर मामले का फॉलोअप लेकर निस्तारण की रिपोर्ट भी देने को कहा गया। जनसुनवाई में महिलाओं को उनके अधिकारों और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। जिला प्रोबेशन अधिकारी कार्यालय की रूपा हरित ने निराश्रित महिला पेंशन, वृद्धावस्था पेंशन, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना और बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के बारे में बताया। उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के तहत पात्र बच्चों को मिलने वाले लाभ की जानकारी भी दी गई। महिलाओं को घरेलू हिंसा से संरक्षण अधिनियम-2005, कार्यस्थल पर लैंगिक उत्पीड़न, दहेज उत्पीड़न, कन्या भ्रूण हत्या और मानव तस्करी के बारे में जागरूक किया गया। सपना कश्यप ने महिला कल्याण, समाज कल्याण और शिक्षा विभाग की योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने पात्र महिलाओं तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर दिया। बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत लोगों को जागरूक किया गया। सपना कश्यप ने अधिकारियों और मौजूद लोगों को बाल विवाह रोकने और इसके खिलाफ जागरूकता फैलाने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि महिलाओं और बालिकाओं को अधिकारों और सरकारी योजनाओं की जानकारी देना जरूरी है। कार्यक्रम में जिला कारागार, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, स्वास्थ्य, शिक्षा, पुलिस, नगर निगम और समाज कल्याण विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)