महिला के गले से चेन झपटने वाला आरोपी अरेस्ट:शामली में सोने की चेन, 315 बोर का तमंचा और कारतूस बरामद
शामली में महिला के गले से सोने की चेन झपटने के मामले में रविवार को एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। उसके कब्जे से छीनी गई सोने की चेन, वारदात में इस्तेमाल 315 बोर का तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ है। मामला कोतवाली पुलिस के रोडवेज बस स्टैंड का है। आरोपी पर शामली, बागपत और उत्तराखंड में चोरी, लूट समेत अलग-अलग धाराओं में आठ मुकदमे दर्ज हैं। वारदात में शामिल दूसरा आरोपी अभी फरार है। बस में चढ़ते समय पीछे से झपटी थी चेन पुलिस के अनुसार, 12 नवंबर 2026 को संगीता पंवार अपने मायके गांव एलम से ससुराल करनाल जाने के लिए शामली रोडवेज बस स्टैंड पहुंची थीं। वह बस में सवार हो रही थीं, तभी दो अज्ञात युवकों ने पीछे से उनके गले से सोने की चेन झपट ली और फरार हो गए। पीड़िता के परिजनों की तहरीर पर कोतवाली शामली में मुकदमा दर्ज किया गया था। CCTV फुटेज से हुई आरोपियों की पहचान घटना के खुलासे के लिए पुलिस ने बस स्टैंड और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश शुरू की गई। रविवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने शामली-लिलौन मिल रोड पर रतिराम विहार के पास से अक्षय पिता चंद्रपाल उर्फ चंदू वर्मा निवासी गांव गढ़ी दौलत, थाना कांधला को गिरफ्तार कर लिया। शामली, बागपत और उत्तराखंड में दर्ज हैं आठ मुकदमे पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने चेन झपटने की घटना में शामिल होना स्वीकार किया है। उसके खिलाफ शामली के कांधला और कैराना, बागपत के छपरौली, उत्तराखंड के लक्सर थाने और जीआरपी सहारनपुर में चोरी, चोरी का माल बरामद होने, आपराधिक साजिश और आर्म्स एक्ट समेत आठ मुकदमे दर्ज हैं। SP एनपी सिंह ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज की मदद से घटना का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर चेन बरामद कर ली गई है। दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)