राजभर ने सपा पर दलितों की उपेक्षा का आरोप लगाया:कहा- PDA फार्मूला ध्वस्त, आरक्षण और दलित महापुरुषों के अपमान पर पार्टी का रवैया ठीक नहीं रहा
अम्बेडकरनगर में सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के प्रमुख और कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने रविवार को समाजवादी पार्टी, कांग्रेस और विपक्षी गठबंधन पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव के नेतृत्व वाली सपा का पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) फार्मूला ध्वस्त हो चुका है। उन्होंने विपक्षी दलों के बीच सीट बंटवारे को लेकर खींचतान का भी दावा किया। मेरठ में सपा के प्रस्तावित दलित सम्मेलन पर राजभर ने कहा कि सपा शासनकाल में दलितों का सबसे ज्यादा नुकसान हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि दलित महापुरुषों के अपमान और प्रमोशन में आरक्षण खत्म करने जैसे मुद्दों पर सपा का रवैया ठीक नहीं रहा। सपा किस आधार पर दलितों से वोट मांग रही राजभर ने आजम खान की ओर से बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर को भूमाफिया बताने के मामले में अखिलेश यादव की चुप्पी पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि गेस्ट हाउस कांड और आरक्षण के मुद्दों के बाद सपा किस आधार पर दलितों से वोट मांग रही है। असदुद्दीन ओवैसी के पीडीए को 'पलट गए अखिलेश' बताने पर राजभर ने सहमति जताई। उन्होंने कहा कि दलित वर्ग चंद्रशेखर आजाद और अल्पसंख्यक वर्ग के लोग ओवैसी के साथ जा रहे हैं। ऐसे में अखिलेश यादव के पास केवल पी यानी पिछड़ा वर्ग ही बचा है। रेलवे स्टेशनों पर छठ पूजा के गीत बजाने को विपक्ष द्वारा धार्मिक ड्रामा बताए जाने पर राजभर ने कहा कि विपक्ष के पास कोई काम नहीं बचा है। त्योहार के मौके पर उसी पर्व के गीत बजाए जाएंगे। सोहर की परंपरा का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि छठ पर छठ के गीत ही गाए जाएंगे। अखिलेश के दम हो तो पटेल समाज को मुख्यमंत्री बनाने की मांग करें सपा नेता एसपी सिंह पटेल के कांग्रेस को 50 सीटों के लायक नहीं बताए जाने पर राजभर ने पलटवार किया। उन्होंने चुनौती दी कि यदि पटेल में दम है तो अखिलेश यादव से पटेल समाज के व्यक्ति को मुख्यमंत्री बनाने की मांग करें। चंद्रशेखर आजाद और ओवैसी के गठबंधन पर उन्होंने कहा कि दोनों नेता समझदार हैं और जानते हैं कि उनकी सरकार नहीं बनने वाली। कांग्रेस और सपा के बीच सीट बंटवारे पर राजभर ने दावा किया कि कांग्रेस 180 से 181 सीटों की मांग कर रही है, जबकि उसके पास केवल दो विधायक हैं। अखिलेश अकेले चुनाव लड़ना चाहते हैं उन्होंने कहा कि सपा कांग्रेस को इतनी सीटें नहीं देगी। राजभर ने यह भी दावा किया कि कांग्रेस ओवैसी और चंद्रशेखर के गठबंधन में शामिल होने की तैयारी कर सकती है। उनके मुताबिक, अखिलेश यादव भी चाहते हैं कि कांग्रेस अलग हो जाए, जिससे सपा अकेले चुनाव लड़े और प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने का रास्ता साफ हो।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)