महिला से आभूषण ठगने वाले दो आरोपी गिरफ्तार:कौशांबी में पुलिस ने लखनऊ और कासगंज के आरोपियों से तमंचा, कारतूस बरामद
कौशांबी के मंझनपुर थाना पुलिस ने नकली नोटों की गड्डी दिखाकर महिला से सोने के आभूषण ठगने के आरोप में दो लोगों को बुधवार को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उनके पास से तमंचा, कारतूस और आभूषण बरामद किए। 29 सितंबर को समसाबाद निवासी ज्योति वर्मा पत्नी नीरज कसेरा उर्फ शिवम ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 28 सितंबर को दोपहर करीब 3:30 बजे वह दवा लेने मंझनपुर चौराहे से जिला अस्पताल की ओर जा रही थीं। तभी दो लोगों ने मदद मांगने के बहाने उनके पहने हुए सोने के आभूषण लेकर फरार हो गए। एसपी सत्यनारायण प्रजापत ने आरोपियों को पकड़ने के लिए टीमें बनाईं। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, आसपास के लोगों से पूछताछ और सर्विलांस की मदद से कादीपुर तिराहे के पास दोनों को पकड़ा। पुलिस के मुताबिक, वे आभूषण बेचने की फिराक में थे। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राज भाटिया उर्फ राज सोलंकी, निवासी नीलमत्था विजय नगर, थाना सदर, लखनऊ और सूरज भाटिया, निवासी सैय्यद नगला, थाना गांधी मूर्ति, कासगंज के रूप में हुई है। राज के पिता का नाम शंकर लाल और सूरज के पिता का नाम राजाराम है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 315 बोर का एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस, पीली धातु की चेन और कान की बालियां बरामद कीं। सीओ सदर सौरभ सामंत ने बुधवार दोपहर 4 बजे बताया कि पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने जुर्म कबूल किया। राज भाटिया ने पुलिस को बताया कि वह अपनी जान-माल की सुरक्षा के लिए तमंचा और कारतूस रखता था। पुलिस ने कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपियों को अदालत में पेश किया। वहां से उन्हें शाम 5 बजे जेल भेज दिया गया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)