महराजगंज में टावरों-टंकियों पर चढ़ने के 11 मामले दर्ज:पुलिस ने लोगों को सुरक्षित नीचे उतारा; नौ थानों में दर्ज हुए केस

Nov 14, 2026 - 13:21
0
महराजगंज में टावरों-टंकियों पर चढ़ने के 11 मामले दर्ज:पुलिस ने लोगों को सुरक्षित नीचे उतारा; नौ थानों में दर्ज हुए केस
महराजगंज जिले में वर्ष 2026 में मोबाइल टावरों और पानी की टंकियों पर चढ़ने की घटनाओं को लेकर अलग-अलग थानों में 11 मुकदमे दर्ज किए गए। पुलिस ने संबंधित लोगों को सुरक्षित नीचे उतारने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कार्रवाई की। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई। पुलिस ने 13 नवंबर को जारी प्रेस नोट में मामलों की जानकारी दी। सबसे ज्यादा दो-दो मुकदमे फरेंदा और परसामलिक थानों में दर्ज हुए। कोतवाली, भिटौली, पुरंदरपुर, नौतनवा, सोनौली, निचलौल और चौक थानों में एक-एक मुकदमा दर्ज किया गया। इस तरह जिले के नौ थाना क्षेत्रों में कुल 11 मामले सामने आए। पुलिस के मुताबिक, मोबाइल टावर या पानी की टंकी जैसी ऊंची जगह पर चढ़ने से व्यक्ति की जान को खतरा रहता है। मौके पर भीड़ जुटने से शांति व्यवस्था बिगड़ने और यातायात पर असर पड़ने की आशंका भी रहती है। ऐसी सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंचती है और संबंधित व्यक्ति को सुरक्षित नीचे उतारती है। इसके बाद हालात के अनुसार कानूनी कार्रवाई की जाती है। महराजगंज पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मांग, शिकायत या समस्या के समाधान के लिए अपनी जान जोखिम में न डालें। ऊंची जगह पर चढ़ने के बजाय संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर अपनी बात रखें। किसी आपात स्थिति में डायल-112 पर सूचना दें, ताकि पुलिस समय रहते मदद पहुंचा सके।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User