मतगणना में न लगाई जाए आउटसोर्स कर्मचारियों की ड्यूटी-सपा:रात में अतिरिक्त सुरक्षा कर्मियों की तैनाती व बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश को पूरी तरह से प्रतिबंधित की मांग

Oct 26, 2026 - 19:39
0
मतगणना में न लगाई जाए आउटसोर्स कर्मचारियों की ड्यूटी-सपा:रात में अतिरिक्त सुरक्षा कर्मियों की तैनाती व बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश को पूरी तरह से प्रतिबंधित की मांग
समाजवादी पार्टी ने विधान परिषद की 11 सीटों पर होने वाली मतगणना को पारदर्शी, निष्पक्ष, स्वतंत्र और निर्भीक तरीके से संपन्न कराने की मांग की है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के निर्देश पर प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी को संबोधित ज्ञापन सौंपकर मतगणना व्यवस्था से संबंधित कई महत्वपूर्ण मांगें उठाई हैं। पार्टी ने विशेष रूप से मतगणना कार्य में आउटसोर्स कर्मचारियों की ड्यूटी लगाए जाने पर कड़ा विरोध जताते हुए सरकारी कर्मचारियों की तैनाती करने की मांग की है। समाजवादी पार्टी की ओर से सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया है कि विधान परिषद की 11 सीटों पर मतगणना जैसे महत्वपूर्ण और संवेदनशील कार्य में केंद्र एवं राज्य सरकार के अनुभवी कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जानी चाहिए। पार्टी का कहना है कि आउटसोर्स कर्मचारियों को मतगणना कार्य में लगाए जाने से निष्पक्षता और जवाबदेही को लेकर आशंकाएं पैदा हो सकती हैं। इसलिए मतगणना कर्मियों के रूप में आउटसोर्स कर्मचारियों की तैनाती पर रोक लगाई जाए। वाराणसी में आउटसोर्स कर्मचारियों की ड्यूटी का उठाया मुद्दा समाजवादी पार्टी ने विशेष रूप से वाराणसी खंड शिक्षक-स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में आउटसोर्स कर्मचारियों को मतगणना कार्य में लगाए जाने का मुद्दा उठाया है। पार्टी के प्रत्याशी लाल बिहारी यादव और आशुतोष सिन्हा ने इस संबंध में लिखित शिकायत की है। उन्होंने मांग की है कि मतगणना कार्य में केवल सरकारी कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाए, ताकि पूरी प्रक्रिया की विश्वसनीयता बनी रहे। प्रत्याशियों ने चेतावनी दी है कि यदि आउटसोर्स कर्मचारियों को मतगणना कर्मी के रूप में तैनात किया गया, तो वे इसका विरोध करेंगे। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में उत्पन्न होने वाली किसी भी समस्या की जिम्मेदारी भारत निर्वाचन आयोग की होगी। प्रत्येक चक्र का परिणाम घोषित होने के बाद ही शुरू हो अगली मतगणना सपा ने मतगणना की प्रक्रिया को व्यवस्थित और पारदर्शी बनाए रखने के लिए प्रत्येक मतगणना चक्र के संबंध में स्पष्ट व्यवस्था लागू करने की मांग की है। ज्ञापन में कहा गया है कि जब तक किसी एक चक्र की मतगणना सभी टेबलों पर पूरी नहीं हो जाती और उसके परिणाम की घोषणा लाउडस्पीकर, निर्वाचन आयोग की वेबसाइट तथा रिटर्निंग ऑफिसर (आरओ) की टेबल के माध्यम से नहीं कर दी जाती, तब तक अगले चक्र की मतगणना शुरू नहीं की जानी चाहिए। मतगणना स्थल पर प्रतिबंधित हो बैंगनी रंग के स्केच पेन ज्ञापन में मतदान के दौरान इस्तेमाल किए जाने वाले बैंगनी रंग के स्केच पेन को मतगणना स्थल पर पूरी तरह प्रतिबंधित करने की मांग भी की गई है। समाजवादी पार्टी ने निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित कराने पर जोर दिया है। पार्टी का कहना है कि मतगणना के दौरान सभी नियमों और निर्धारित प्रक्रियाओं का सख्ती से पालन होना चाहिए, ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता की आशंका न रहे। मतगणना टेबल के साथ अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर भी लगें सीसीटीवी कैमरे समाजवादी पार्टी ने मतगणना स्थल की निगरानी व्यवस्था मजबूत करने की मांग करते हुए प्रत्येक मतगणना टेबल के अलावा अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर भी उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे लगाने की बात कही है। ज्ञापन में कहा गया है कि कैमरों की व्यवस्था ऐसी होनी चाहिए, जिससे मतगणना स्थल पर होने वाली सभी गतिविधियां स्पष्ट रूप से रिकॉर्ड की जा सकें। रात में अतिरिक्त सुरक्षा बल की तैनाती की मांग मतगणना प्रक्रिया को निर्बाध और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए समाजवादी पार्टी ने विशेष रूप से रात्रि के समय अतिरिक्त सुरक्षा बल की मजबूत तैनाती सुनिश्चित करने की मांग की है। ज्ञापन में कहा गया है कि मतगणना स्थल पर अनधिकृत अधिकारियों और कर्मचारियों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाए। इसके अतिरिक्त सत्ता पक्ष के भगवाधारी नेताओं और कार्यकर्ताओं सहित किसी भी अनधिकृत व्यक्ति को मतगणना स्थल में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए। पार्टी ने मतगणना स्थल की सुरक्षा व्यवस्था को सख्त रखने और निर्वाचन आयोग के निर्देशों का पालन कराने पर जोर दिया है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी को ज्ञापन सौंपने वाले समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश सचिव के.के. श्रीवास्तव, राज्य कार्यसमिति सदस्य डॉ. हरिश्चन्द्र सिंह और राधेश्याम सिंह शामिल रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User