मथुरा में बस ने बाइक सवार महिला को रौंदा:हादसे के बाद परिजनों ने लगाया जाम, DM-SSP ने शांत कराया
मथुरा में शुक्रवार शाम GLA यूनिवर्सिटी की बस की चपेट में आने से बाइक सवार 40 वर्षीय महिला की मौत हो गई। हादसा कृष्णा नगर चौराहे के पास शाम करीब 5 बजे हुआ। बस का पिछला पहिया महिला के सिर के ऊपर से निकल गया। हादसे के बाद गुस्साए परिजनों ने सड़क पर जाम लगाकर हंगामा शुरू कर दिया। इसी दौरान वहां से गुजर रहे DM और SSP का काफिला भी जाम में फंस गया। अधिकारियों ने मौके पर रुककर परिजनों को समझाया, जिसके बाद जाम खुल सका। सड़क पर जाम लगाया, वाहनों की कतार लगी पुलिस के मुताबिक, GLA यूनिवर्सिटी की बस गोवर्धन चौराहे की ओर से बच्चों को लेकर भूतेश्वर की तरफ जा रही थी। इसी दिशा में बाइक पर एक दंपती भी जा रहा था। कृष्णा नगर चौराहे के पास बस की टक्कर से महिला बाइक से नीचे गिर गई और बस की चपेट में आ गई। बस का पिछला पहिया सिर के ऊपर से निकलने के कारण महिला की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर महिला के परिजन भी पहुंच गए। मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। गुस्साए परिजनों ने सड़क पर प्रदर्शन शुरू कर दिया। इससे चौराहे के दोनों ओर यातायात प्रभावित हुआ और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। परिजनों को समझाकर शांत कराया मृतका की पहचान गुड्डी (40), पत्नी देवीचरण, निवासी देवीपुरा, थाना हाईवे, मथुरा के रूप में हुई है। इसी दौरान वहां से गुजर रहे जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक का काफिला भी जाम में फंस गया। दोनों अधिकारियों ने मौके पर रुककर हालात का जायजा लिया और परिजनों को समझाकर शांत कराया। कोतवाली प्रभारी अजय कौशल ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पुलिस को कोई प्रार्थना पत्र नहीं मिला है। शिकायत मिलने पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)