नाबालिग से दुष्कर्म के दोषी को 20 साल की सजा:हमीरपुर पॉक्सो कोर्ट ने 4 साल पुराने मामले में सुनाया फैसला, जुर्माना भी लगाया
हमीरपुर में पॉक्सो कोर्ट ने नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में चंद्रमान को 20 साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई है। कोर्ट ने उस पर 10 हजार रुपए का जुर्माना भी लगाया है। जुर्माना नहीं भरने पर उसे चार महीने का अतिरिक्त साधारण कारावास भुगतना होगा। फैसला शुक्रवार को न्यायाधीश अनिल कुमार खरवार ने सुनाया। भैंस खोजने गई बच्ची से खेत में दुष्कर्म सरकारी वकील रुद्रप्रताप सिंह के मुताबिक, घटना तीन नवंबर 2022 की है। राठ थाना क्षेत्र की 12 साल की बच्ची अपनी नानी के घर पर थी। दोपहर करीब तीन बजे वह भैंस खोजने गलामंडी के पीछे खेतों की ओर गई थी। आरोप है कि वहां पहले से मौजूद अतरोली के रहने वाले चंद्रमान ने उसे बहाने से बुलाया। इसके बाद उसका हाथ पकड़कर अरहर के खेत में खींच ले गया और दुष्कर्म किया। घटना के बाद वह मौके से चला गया। तीन दिन बाद दर्ज कराया मुकदमा बच्ची ने घर पहुंचकर नानी को घटना की जानकारी दी। इसके बाद छह नवंबर 2022 को राठ थाने में चंद्रमान के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया। पुलिस ने जांच पूरी करने के बाद कोर्ट में आरोपपत्र दाखिल किया। मामले में पीड़िता समेत पांच गवाहों के बयान दर्ज किए गए। पीड़िता की गवाही के आधार पर सुनाई सजा सुनवाई के दौरान पीड़िता ने अदालत में घटना का विवरण दिया। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने और सबूतों की जांच के बाद न्यायाधीश ने चंद्रमान को दोषी ठहराया। उसे पॉक्सो अधिनियम की धारा 4(2) के तहत 20 साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई गई। सजा काटने के लिए चंद्रमान को जिला कारागार हमीरपुर भेज दिया गया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)