प्रयागराज में सुबह से छाया घना कोहरा, कमजोर रही धूप:बारिश के आसार, दो दिनों में 3 से 4 डिग्री गिरा तापमान
प्रयागराज में ठंड का असर धीरे-धीरे बढ़ने लगा है। रविवार सुबह से ही शहर और आसपास के ग्रामीण इलाकों में घना कोहरा छाया हुआ है। कोहरे के कारण कई जगहों पर दृश्यता काफी कम हो गई है। सुबह से धूप भी कमजोर निकली है। आसमान में बादल छाए रहने से ठंड का असर अधिक महसूस हो रहा है। पिछले दो दिनों में तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। मौसम में यह बदलाव बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान के कमजोर पड़ने के बाद देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग ने 21 और 22 नवंबर को प्रयागराज समेत पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बूंदाबांदी और हल्की बारिश का अलर्ट जारी किया था। शनिवार को दिनभर बादल छाए रहे और धूप नहीं निकली। वहीं रविवार सुबह कोहरे ने मौसम का मिजाज बदल दिया। दिन में बूंदाबांदी के आसार मौसम विभाग के अनुसार रविवार को प्रयागराज में बादल छाए रह सकते हैं। दिन में बूंदाबांदी के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। बारिश और ठंडी हवाओं के कारण तापमान में और गिरावट आ सकती है। इससे सुबह और शाम ठंड का असर बढ़ेगा। बारिश से प्रदूषण में मिल सकती है राहत शहर में ठंड के साथ वायु प्रदूषण की समस्या भी बनी हुई है। ऐसे में हल्की बारिश होने से हवा में मौजूद धूल के कण नीचे बैठ सकते हैं। इससे वायु गुणवत्ता में सुधार होने की उम्मीद है। फिलहाल लोगों को सुबह और रात के समय ठंड से बचाव करने की जरूरत है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)