नगर निगम ने शुरू की दीपावली-छठ की तैयारी:नगर आयुक्त बोले- लापरवाही बर्दाश्त नहीं; 15 दिन तक सबकी छुट्टियां रद्द
दीपावली और छठ पर्व को लेकर नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शहर में साफ-सफाई, पथ प्रकाश, पेयजल आपूर्ति और छठ घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नगर आयुक्त ने मंगलवार को संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि त्योहारों के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी और कर्मचारी अगले 15 दिनों तक अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे। इस दौरान किसी को अवकाश नहीं दिया जाएगा। वहीं, वार्डों में तैनात नोडल अधिकारी अगले 15 दिनों तक रोज सुबह पहुंचकर सफाई व्यवस्था का निरीक्षण करेंगे। बैठक में नगर आयुक्त ने कहा कि दीपावली और छठ पर बाजारों, मंदिरों, घाटों और पूजा स्थलों पर लोगों की आवाजाही बढ़ जाती है। ऐसे में सभी तैयारियां समय से पूरी कर ली जाएं, ताकि नागरिकों और श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय बनाकर काम करने के निर्देश दिए। गहरे पानी वाले घाटों पर होगी बैरिकेडिंग, लगेंगे चेतावनी बोर्ड छठ पर्व पर घाटों और पोखरों में श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर नगर आयुक्त ने विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। जिन घाटों पर पानी अधिक गहरा है, वहां बैरिकेडिंग कराई जाएगी। साथ ही ऐसे स्थानों पर स्पष्ट रूप से 'सावधान! आगे गहरा पानी है' के चेतावनी बोर्ड लगाए जाएंगे। सभी जोनल अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों के घाटों का निरीक्षण कर सुरक्षा के जरूरी इंतजाम सुनिश्चित करेंगे। इसके अलावा बाजारों, व्यावसायिक क्षेत्रों, मंदिरों, स्थायी पोखरों और अमृत सरोवरों की सफाई तत्काल शुरू कराने को कहा गया है। छठ पूजा में इस्तेमाल होने वाले घाटों और पोखरों की विशेष सफाई कराई जाएगी। 110 स्थानों पर पिछले साल भरा था पानी, इस बार भी टैंकर रहेंगे तैयार छठ पूजा के लिए मोहल्लों में बनाए जाने वाले अस्थायी पोखरों में पानी भरने की जिम्मेदारी जलकल विभाग को दी गई है। नगर आयुक्त ने महाप्रबंधक जलकल को निर्देश दिया कि जरूरत के अनुसार टैंकरों से पोखरों में पानी भरवाया जाए। बैठक में बताया गया कि पिछले साल शहर में 110 स्थानों पर अस्थायी पोखरों में टैंकरों से पानी भरा गया था। इस बार भी आवश्यकता के अनुसार यह व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा पूजा स्थलों पर श्रद्धालुओं के लिए पीने के पानी के टैंकर भी लगाए जाएंगे। खराब वाहन 2-3 दिन में ठीक होंगे, रिजर्व चालक भी रखे जाएंगे त्योहारों के दौरान सफाई व्यवस्था प्रभावित न हो, इसके लिए नगर निगम के वाहनों को दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं। नगर आयुक्त ने वाहन प्रभारी अविनाश प्रताप सिंह से कहा कि सभी खराब वाहनों की मरम्मत अगले दो से तीन दिनों में पूरी करा ली जाए। सफाई कार्य में इस्तेमाल होने वाले वाहनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। जरूरत पड़ने पर वाहनों के संचालन के लिए रिजर्व चालकों की भी व्यवस्था रखी जाए। सभी चालकों को अपने वाहनों की तकनीकी जांच कर कमियों को समय से दूर कराने के निर्देश दिए गए हैं। पार्कों और मोहल्लों से हटाई जाएंगी झाड़ियां, गलियों में भी होगी सफाई मानसून के बाद शहर के कई मोहल्लों, पार्कों और सड़कों के किनारे झाड़ियां और खरपतवार उग आए हैं। नगर आयुक्त ने इनकी विशेष सफाई कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सफाई केवल मुख्य सड़कों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। वार्डों की गलियों और मोहल्लों में भी नियमित सफाई कराई जाए। सभी सफाई कर्मचारी निर्धारित वर्दी में अपने तैनाती वाले वार्ड में उपस्थित रहकर काम करेंगे। सफाई निरीक्षक और संबंधित अधिकारी इसकी निगरानी करेंगे। छठ घाटों और पोखरों पर रहेगी पर्याप्त रोशनी दीपावली और छठ को देखते हुए शहर की पथ प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं। विशेष रूप से छठ पूजा स्थलों, घाटों और स्थायी व अस्थायी पोखरों पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था होगी। संबंधित अधिकारियों को सभी स्थानों पर लाइटों की जांच कर खराब लाइटों को समय से ठीक कराने को कहा गया है। निर्माण स्थलों से हटेगा मलबा, गड्ढे ठीक कराए जाएंगे शहर में चल रहे निर्माण कार्यों को लेकर भी नगर आयुक्त ने मुख्य अभियंता और अन्य इंजीनियरों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण स्थलों पर जमा मलबा तत्काल हटाया जाए। खुदाई के कारण बने गड्ढों को ठीक कराकर रास्तों को आवागमन के योग्य बनाया जाए, ताकि त्योहारों के दौरान लोगों को परेशानी न हो। सभी अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता और अवर अभियंता अपने क्षेत्रों में निर्माण स्थलों का निरीक्षण करेंगे। काम की फोटो भेजनी होगी, रोज होगी निगरानी नगर आयुक्त ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिया कि अगले 15 दिनों तक किसी को अवकाश नहीं मिलेगा। सभी को अपने-अपने काम समय से पूरे करने होंगे। साथ ही, कराए जा रहे सफाई, प्रकाश और अन्य व्यवस्थाओं के फोटोग्राफ संबंधित ग्रुप में भेजना अनिवार्य होगा। इससे अधिकारियों को मौके पर कराए जा रहे कार्यों की प्रगति की जानकारी मिलती रहेगी। बैठक में सभी अपर नगर आयुक्त, मुख्य अभियंता, महाप्रबंधक जलकल, जोनल अधिकारी, जोनल सेनेटरी अधिकारी, सफाई निरीक्षक, अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता और अवर अभियंता सहित नगर निगम के संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)