नहीं कराया गया था सोना लेकर भागे कारीगरों का वेरिफिकेशन:रेलवे रोड में सोना चोरी का पुलिस ने किया खुलासा, 400 किलोमीटर दूर दबोचे आरोपी

Nov 18, 2026 - 14:20
0
नहीं कराया गया था सोना लेकर भागे कारीगरों का वेरिफिकेशन:रेलवे रोड में सोना चोरी का पुलिस ने किया खुलासा, 400 किलोमीटर दूर दबोचे आरोपी
रेलवे रोड इलाके में हुई सोना चोरी का पुलिस ने बुधवार को खुलासा कर दिया। पुलिस ने आरोपी दोनों कारीगरों को गिरफ्तार करते हुए शत प्रतिशत सोना बरामद करने का दावा किया है हालांकि एफआईआर में शामिल तथ्य मेल नहीं खा रहे। महत्वपूर्ण बात यह है कि सराफ ने अपने इन कारीगरों का वेरिफिकेशन भी नहीं कराया था। एक बार फिर खुलासा हो गया कि बिना सत्यापन के ही सर्राफा कारोबारी का कारोबार चल रहा है। पुलिस लाइन में प्रेस वार्ता के दौरान एसएसपी बीबी जीटीएस मूर्ति ने बताया कि 17 नवंबर को रेलवे रोड में रहने वाले अब्दुल हफीज मल्लिक ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनके यहां 15 वर्षों से काम करने वाले दो कारीगर हमीम रहमान और सुशांत टुंडू निवासी वर्धमान पश्चिम बंगाल 350 ग्राम सोना चुराकर फरार हो गए हैं। तत्काल तीन टीमों का गठन किया गया। महज 10 घंटे के भीतर ही पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए माल बरामद कर लिया। 400 किलोमीटर दूर दबोचे गए आरोपी एसएसपी ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे से दोनों की लोकेशन निकाली। पता चला कि दोनों नेताजी एक्सप्रेस में सवार हुए हैं और पश्चिम बंगाल भागने की फिराक में हैं। तब तक पुलिस एक आरोपी के परिवार से संपर्क में आ चुकी थी। थानाध्यक्ष रेलवे रोड हरेंद्र पाल सिंह ने ट्रेन की लाइव लोकेशन ट्रेस की और एटा जीआरपी से संपर्क साधा। मेरठ से लगभग 430 किलोमीटर दूर औरैया स्टेशन पर दोनों को दबोच लिया गया। सराफ ने गलत दर्ज कराई थी सूचना हमीम रहमान और सुशांता को जीआरपी ने ट्रेन से नीचे उतार लिया। तलाशी लेने पर पुलिस को उनके पास से सोना बरामद हो गया। जब उस सोने का वजन कराया गया तो वह एफआईआर में दर्ज वजन से आधा ही निकला। पुलिस का दावा है कि सराफ अब्दुल हफीज मल्लिक ने एफआईआर में गलत सूचना दर्ज कराई थी। दोनों आरोपियों के पास से 350 ग्राम नहीं बल्कि 178.34 ग्राम अर्ध निर्मित सोना बरामद हुआ है। डायरी में दर्ज मिला सोने का विवरण एसएसपी ने बताया कि सराफ या बड़ा कारीगर जब कारीगरों को सोना देता है तो उसका वजन और पूरा विवरण डायरी में दर्ज कराता है। इन दोनों कारीगरों के पास डायरी मिली है। उसे डायरी में सोने का वजन 178.34 ग्राम दर्ज है। सराफ अब्दुल हफीज मल्लिक ने भी इस वजन को स्वीकार किया है। इस बात की जांच कराई जाएगी कि क्या वास्तव में गलतफहमी में सोने का वजन लिखवाया गया था। 15 साल में भी नहीं कराया वेरीफिकेशन कारीगरों के द्वारा सोना लेकर भागने की यह कोई पहली घटना नहीं है। लगातार कारीगर सोना लेकर भागते रहे हैं और वेरिफिकेशन का मुद्दा उठता रहा है। इस मामले में भी लापरवाही उजागर हुई है। यह दोनों कारीगर 15 वर्ष से यहां काम कर रहे थे लेकिन मुख्य करीगर ने दोनों का वेरिफिकेशन कराने की जहमत नहीं उठाई। इस घटना ने पुलिस वेरिफिकेशन से जुड़े दावों की भी पोल खोलने का काम किया है। एसएसपी बोले- नए सिरे से होगा वेरीफिकेशन वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बीबी जीटीएस मूर्ति ने भी वेरिफिकेशन की समस्या को गंभीर माना है। उन्होंने एसपी सिटी विनायक गोपाल भोंसले को सभी सराफा यूनियन से बात कर कारीगरों का वेरिफिकेशन शुरू कराने के निर्देश दिए हैं। एसपी सिटी का कहना है कि सभी यूनियन के साथ जल्द कार्रवाई शुरू की जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User