शाहजहांपुर में तीन लूटेरों की पुलिस से मुठभेड़:तीनों के पैर में लगी गोली; जनसेवा केंद्र संचालक से की थी 2.70 लाख की लूट

Nov 19, 2026 - 08:28
0
शाहजहांपुर में तीन लूटेरों की पुलिस से मुठभेड़:तीनों के पैर में लगी गोली; जनसेवा केंद्र संचालक से की थी 2.70 लाख की लूट
शाहजहांपुर में जनसेवा केंद्र संचालक से 2.70 लाख रुपए और लैपटॉप लूटने वाले तीन आरोपियों की पुलिस से मुठभेड़ हो गई। 19 नवंबर की रात करीब ढाई बजे बड़ागांव अंडरपास के पास चेकिंग के दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में तीनों के पैरों में गोली लगी। पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर अस्पताल भेज दिया। आरोपियों के पास से लूटा गया लैपटॉप, बायोमैट्रिक डिवाइस और 20 हजार रुपए बरामद किए गए हैं। पुलिस को देखकर फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में तीनों घायल पुलिस के मुताबिक, 19 नवंबर की रात मुखबिर से सूचना मिलने पर एसओजी और पुवायां थाना पुलिस ने बड़ागांव अंडरपास के पास चेकिंग शुरू की। इसी दौरान बाइक सवार तीन संदिग्धों को पुलिस ने रोकने का प्रयास किया। आरोपियों ने पुलिस टीम को देखकर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी फायरिंग में तीनों के पैरों में गोली लगी और वे जमीन पर गिर गए। पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर अस्पताल पहुंचाया। बैग में रखे थे 2.70 लाख रुपए और लैपटॉप पुवायां थाना क्षेत्र के पटई गांव निवासी जनसेवा केंद्र संचालक पवन वाजपेयी के साथ 16 नवंबर की शाम करीब 7 बजे अनावा मोड़ के पास लूट हुई थी। वह महुआ पाठक के पास जनसेवा केंद्र बंद कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार बदमाश उनका बैग लूटकर फरार हो गए थे। बैग में 2 लाख 70 हजार रुपए और लैपटॉप रखा था। घटना के दौरान पवन का साथी डर के कारण खेत में छिप गया था। 40 CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली लूट की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के करीब 40 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही आसपास के लोगों से पूछताछ कर आरोपियों के बारे में जानकारी जुटाई। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने तीनों को घेर लिया। लूट का सामान और तमंचे बरामद पुलिस ने आरोपियों के पास से लूटा गया लैपटॉप, बायोमैट्रिक डिवाइस और 20 हजार रुपए बरामद किए हैं। इसके अलावा दो तमंचे और चार कारतूस भी मिले हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मौसम उर्फ आशुतोष दीक्षित और नितिन गौतम, निवासी लखीमपुर जिले, तथा अर्पित सक्सेना, निवासी पुवायां थाना क्षेत्र के रूप में हुई है। आरोपियों पर पहले से दर्ज हैं मुकदमे पुलिस के मुताबिक, अर्पित सक्सेना पर छह, मौसम उर्फ आशुतोष दीक्षित पर तीन और नितिन गौतम पर दो मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस आरोपियों से लूट की घटना और अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है। एसपी ग्रामीण दीक्षा भवरे ने बताया कि चेकिंग कर रही पुलिस टीम को देखकर आरोपियों ने फायरिंग की थी। जवाबी कार्रवाई में तीनों के पैरों में गोली लगी। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User