नोएडा में ट्रैक्टर ने स्कूटी सवार छात्रों को कुचला:एक की मौत, दूसरे की हालत गंभीर, दोनों गाजियाबाद के गुरुकुल में रहकर करते थे पढ़ाई
सेक्टर-54 के पास शुक्रवार सुबह तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने स्कूटी सवार दो छात्रों को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की मदद से दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने 16 वर्षीय आशू को मृत घोषित कर दिया। वहीं, स्कूटी चला रहे कार्तिक का कैलाश अस्पताल में उपचार चल रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक उसकी हालत खतरे से बाहर है। पुलिस के मुताबिक, गाजियाबाद के शास्त्रीनगर स्थित गुरुकुल स्कूल में पढ़ने वाले कार्तिक और आशू शुक्रवार सुबह स्कूटी से नोएडा आए थे। दोनों सेक्टर-54 के पास चौराहे से गुजर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उनकी स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों किशोर सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया। यहां डॉक्टरों ने 16 वर्षीय आशू को मृत घोषित कर दिया। कार्तिक को कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। पीछे बैठा आशू बिना हेलमेट के था प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हादसे के समय स्कूटी कार्तिक चला रहा था। उसने हेलमेट पहना हुआ था, जबकि पीछे बैठे आशू ने हेलमेट नहीं लगाया था। ट्रैक्टर की टक्कर के बाद दोनों सड़क पर गिर गए। आशू के सिर में गंभीर चोट आई थी। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। सात साल से गुरुकुल में रहकर कर रहा था पढ़ाई आशू मूल रूप से बिहार का रहने वाला था। वह करीब सात साल से गाजियाबाद के शास्त्रीनगर स्थित गुरुकुल में रहकर पढ़ाई कर रहा था। उसकी मौत की सूचना मिलने के बाद स्कूल और परिचितों में शोक का माहौल है। एडीसीपी अभय कुमार मिश्रा ने बताया कि सड़क हादसे में एक छात्र की मौत हुई है, जबकि दूसरा घायल है। मामले की जांच की जा रही है। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि हादसे की वजह और ट्रैक्टर चालक के बारे में जानकारी मिल सके।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)