308 दिव्यांग बच्चों को मिले 435 सहायक उपकरण:अम्बेडकरनगर में पढ़ाई और स्कूल आने-जाने में होगी सहूलियत

Oct 24, 2026 - 14:51
0
308 दिव्यांग बच्चों को मिले 435 सहायक उपकरण:अम्बेडकरनगर में पढ़ाई और स्कूल आने-जाने में होगी सहूलियत
अम्बेडकरनगर में दिव्यांग बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने और उनकी पढ़ाई को आसान बनाने के लिए अकबरपुर और जलालपुर शिक्षा क्षेत्रों में सहायक उपकरण वितरित किए गए। दोनों क्षेत्रों में आयोजित कार्यक्रमों में कुल 308 बच्चों को 435 सहायक उपकरण उपलब्ध कराए गए। इन उपकरणों से बच्चों को विद्यालय आने-जाने, पढ़ाई करने और दैनिक गतिविधियों में सहूलियत मिलेगी। अकबरपुर शिक्षा क्षेत्र के शिवबाबा स्थित कंपोजिट विद्यालय और जलालपुर के ब्लॉक संसाधन केंद्र (बीआरसी) पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. पूनम मिश्रा ने मुख्य अतिथि के रूप में लाभार्थियों को उपकरण वितरित किए। विभागीय आंकड़ों के अनुसार, अकबरपुर में 185 लाभार्थियों को 258 उपकरण दिए गए, जबकि जलालपुर में 123 लाभार्थियों के लिए 177 उपकरण उपलब्ध कराए गए। वितरित की गई सामग्री में ट्राईसाइकिल, व्हीलचेयर, सीपी चेयर, वॉकिंग स्टिक, रोलेटर, ब्रेल किट, टीएलएम किट, सुगम्य केन, सर्वाइकल कॉलर और कैलीपर समेत अन्य सहायक उपकरण शामिल हैं। सहायक उपकरण मिलने से विशेष आवश्यकता वाले बच्चों की स्कूल तक पहुंच आसान होने के साथ ही पढ़ाई में भागीदारी बढ़ाने में मदद मिलने की उम्मीद है। शिक्षक व विभागीय कर्मचारी मौजूद उपकरणों का उद्देश्य बच्चों को उनकी जरूरत के अनुरूप संसाधन उपलब्ध कराना और उन्हें शिक्षा के साथ आत्मनिर्भरता की ओर प्रोत्साहित करना है। कार्यक्रम में एबीएसए हिमांशु मिश्रा, किरण कुमारी, मनोज मिश्रा और अलकमा सहित शिक्षक व विभागीय कर्मचारी मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User