पेट्रोल जल्दी भरने को लेकर सेल्समैन पर हमला:सिर फटा, आंख में भी आई चोट, भाग रहे एक आरोपी को लोगों ने पकड़ा
लखनऊ के विधानसभा मार्ग स्थित एचपी पेट्रोल पंप पर शनिवार शाम पेट्रोल जल्दी भरने को लेकर हुए विवाद में बाइक सवार युवकों ने सेल्समैन पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोपियों ने बेल्ट और हाथ में पहने धारदार कड़े जैसी वस्तु से सेल्समैन अमित कुमार रावत को पीटकर लहूलुहान कर दिया। हमले में उनका सिर फट गया और आंख पर भी चोट आई। मारपीट के बाद आरोपी भागने लगे। इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने एक आरोपी को उसकी अपाचे बाइक समेत पकड़ लिया। अमित कुमार रावत विधानसभा मार्ग स्थित पेट्रोल पंप पर सेल्समैन हैं। उन्होंने पुलिस को तहरीर में बताया शनिवार शाम करीब 6:30 बजे कुछ युवक बाइक से पेट्रोल भरवाने पहुंचे थे। उस समय पंप पर ग्राहकों की लाइन लगी थी। युवकों ने पहले पेट्रोल देने की बात कहते हुए विवाद शुरू कर दिया। विरोध करने पर वे गाली-गलौज और धमकी देने लगे। इसके बाद बाइक से उतरकर उन पर हमला कर दिया। आरोपियों ने बेल्ट और धारदार कड़े जैसी वस्तु से सिर और चेहरे पर वार किए। पेट्रोल पंप पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव किया, जिसके बाद आरोपी भागने लगे। हालांकि, एक युवक को लोगों ने पकड़ लिया। पीड़ित ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)