STF ने ज्वेलर्स से लूट के आरोपी को किया गिरफ्तार:बाराबंकी में की थी घटना, साथियों के पकड़े जाने के बाद बदल रहा था ठिकाने
उत्तर प्रदेश एसटीएफ ने अपराधी राहुल दीक्षित गिरोह के सदस्य को गिरफ्तार किया है। आरोपी आशीष दूबे उर्फ विशाल दूबे बाराबंकी के रामसनेहीघाट थाना क्षेत्र में आभूषण व्यापारी से लूट का प्रयास करने के मामले में वांछित चल रहा था। आरोपी को 22 नवंबर 2026 को सुबह करीब 10:30 बजे रामसनेही घाट थाना क्षेत्र में कोटवा सड़क स्थित सहादतगंज पुल के पास से पकड़ा गया। गिरफ्तार आरोपी मूल रूप से उन्नाव के दही थाना क्षेत्र की आवास विकास कॉलोनी का रहने वाला है और हाल में कानपुर नगर के कल्याणपुर स्थित आवास विकास में रह रहा था. तलाशी के दौरान उसके पास से एक मोबाइल फोन, एक आधार कार्ड और एक पैन कार्ड बरामद हुआ है. अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. विशाल विक्रम सिंह ने बताया कि एसटीएफ की टीम बाराबंकी क्षेत्र में भ्रमणशील थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि रामसनेही घाट थाने में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 383 के आरोपी सहादतपुर पुल के पास मौजूद है, जिसके बाद टीम ने दबिश देकर उसे दबोच लिया. पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसकी राहुल दीक्षित से वर्ष 2025 में जान-पहचान हुई थी। दिसंबर 2025 में राहुल दीक्षित बाराबंकी के एक पुराने लूट के मामले में जेल चला गया था और जुलाई 2026 में जमानत पर बाहर आने के बाद दोनों के बीच फोन पर संपर्क बना रहा। आरोपी के मुताबिक, 27 अक्टूबर 2026 को राहुल दीक्षित ने फोन कर उसे गुडंबा थाने के पास बुलाया और व्हाट्सऐप पर लोकेशन भेजी, जहां उसकी मुलाकात राहुल दीक्षित व सौरभ वर्मा से हुई। आरोपी ने बताया कि अगले दिन 28 अक्टूबर को वह बाइक से चिनहट के मटियारी चौराहे पहुंचा, जहां राहुल दीक्षित, सौरभ वर्मा, आयुष पांडेय, कृष सिंह और अभिषेक सिंह मिले. इसके बाद सभी दोपहर करीब 3:30 बजे सुरजवापुर मोड़ पर जुटे और बलेनो कार से ज्वेलर्स की दुकान की रेकी की. शाम करीब 6:20 बजे आशीष दूबे, आयुष पांडेय, कृष सिंह और अभिषेक सिंह ने मोहम्मदपुर कीरत से सिद्धौर मार्ग पर आभूषण व्यापारी से लूट का प्रयास किया। लूट में नाकाम रहने और लोगों से घिरता देख आयुष पांडेय ने पिस्टल से हवाई फायर किया, जिसके बाद सभी मौके से भाग निकले. आरोपी के अनुसार, बाद में कृष सिंह और आयुष पांडेय की गिरफ्तारी तथा राहुल दीक्षित व सौरभ वर्मा के पुलिस मुठभेड़ में घायल होकर पकड़े जाने की जानकारी मिलने के बाद वह पुलिस से बचने के लिए कानपुर, उन्नाव, लखनऊ और बाराबंकी में ठिकाने बदल-बदल कर रह रहा था। एसटीएफ ने आरोपी को संबंधित मुकदमे में दाखिल कर दिया है और आगे की विधिक कार्रवाई स्थानीय पुलिस कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)