फार्मासिस्टों ने लंबित मांगों को लेकर धरना दिया:बरेली में सीएमओ कार्यालय पर प्रदर्शन, आंदोलन की चेतावनी
बरेली में सहायक फार्मेसिस्ट एसोसिएशन उत्तर प्रदेश की जिला शाखा ने शुक्रवार को सीएमओ कार्यालय पर एक दिन का धरना दिया। फार्मासिस्टों ने पदोन्नति, वरिष्ठता सूची और संवर्ग से जुड़ी मांगें पूरी नहीं होने पर विरोध जताया।
धरने में जिले के सरकारी अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में तैनात फार्मासिस्ट और चीफ फार्मासिस्ट शामिल हुए। कर्मचारियों ने कहा कि उनकी मांगें लंबे समय से लंबित हैं और शासन व महानिदेशालय स्तर पर कार्रवाई नहीं हो रही है।
संगठन ने फार्मासिस्ट संवर्ग का पदनाम बदलने, वरिष्ठता सूची जारी करने और लंबित पदोन्नति प्रक्रिया पूरी करने की मांग की। साथ ही वित्तीय और गैर-वित्तीय विसंगतियां दूर करने, रिक्त पदों पर नियुक्ति करने और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में चीफ फार्मासिस्ट के पद बनाने की मांग रखी।
एसोसिएशन ने ट्रामा सेंटरों में तय मानकों के अनुसार फार्मासिस्ट और चीफ फार्मासिस्ट तैनात करने तथा ग्रेड पे और वेतनमान से जुड़ी समस्याएं दूर करने की मांग भी की। संगठन का कहना है कि स्वास्थ्य कार्यक्रमों में दवाओं के वितरण और रखरखाव की जिम्मेदारी फार्मासिस्ट संवर्ग को दी जानी चाहिए।
पदाधिकारियों ने कहा कि मांगों पर जल्द फैसला नहीं हुआ तो 20 मार्च से प्रदेशव्यापी आंदोलन शुरू होगा। उस दिन प्रदेशभर के फार्मासिस्ट महानिदेशालय चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं, उत्तर प्रदेश में धरना-प्रदर्शन करेंगे।
धरने में जिलाध्यक्ष जनार्दन सिंह गंगवार, संरक्षक बीसी यादव, सह संरक्षक संजीव कुमार सक्सेना, अखिलेश सक्सेना, अंकित यादव, राजीव कुमार पांडेय, हरीश चंद्र सिंह और वरिष्ठ उपाध्यक्ष धीरेंद्र सिंह समेत कई फार्मासिस्ट मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)