फतेहपुर में सूखे कुएं में गिरकर युवक की मौत:ग्रामीणों का आरोप- पुलिस का सायरन सुनकर दौड़ा, थाने का घेराव किया, ठेका हटाने की मांग

Nov 14, 2026 - 10:40
0
फतेहपुर में सूखे कुएं में गिरकर युवक की मौत:ग्रामीणों का आरोप- पुलिस का सायरन सुनकर दौड़ा, थाने का घेराव किया, ठेका हटाने की मांग
फतेहपुर के जाफरगंज कस्बे में शुक्रवार रात एक युवक सूखे कुएं में गिर गया। गंभीर हालत में उसे फतेहपुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां देर रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस के सायरन बजाते हुए मौके पर पहुंचने से युवक घबरा गया और दौड़ते समय कुएं में गिर गया। घटना के विरोध में शनिवार सुबह ग्रामीणों ने परिजनों के साथ जाफरगंज थाने का घेराव किया। मेले के दौरान शराब पी रहे थे कुछ युवक जाफरगंज कस्बे में पांच दिवसीय मेला चल रहा है। शुक्रवार रात करीब 8 बजे कुछ युवक मेले के पास शराब पी रहे थे। इसी दौरान भारतपुर निवासी नरेंद्र कुशवाहा (40) सूखे कुएं में गिर गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें बाहर निकाला और गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। देर रात इलाज के दौरान नरेंद्र की मौत हो गई। सुबह थाने का घेराव, मुख्यमंत्री को बुलाने की मांग शनिवार सुबह करीब 8 बजे ग्रामीणों ने परिजनों के साथ जाफरगंज थाने का घेराव कर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने मौके पर मुख्यमंत्री को बुलाने और कस्बे के अंदर संचालित शराब की दुकानों को हटाने की मांग की। उनका कहना है कि शराब की दुकानों के कारण कस्बे में आए दिन अव्यवस्था होती है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि स्कूल आने-जाने वाली छात्राओं के साथ छेड़छाड़ की घटनाएं भी होती हैं। उन्होंने मेले के दौरान शराब के ठेके बंद रखने और दुकानों को आबादी से बाहर स्थानांतरित करने की मांग की। महिला बोली- पुलिस के दौड़ाने पर कुएं में गिरा नरेंद्र प्रदर्शन में शामिल महिला लक्ष्मी सोनकर ने भी कस्बे के अंदर शराब की दुकानें बंद कराने की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस के दौड़ाने पर नरेंद्र कुएं में गिर गए। लक्ष्मी ने यह भी आरोप लगाया कि नरेंद्र को कुएं से निकालते समय उसमें मिट्टी डाली गई, जिससे वह दोबारा गिर जाएं। उनका दावा है कि मेडिकल कॉलेज में नरेंद्र ने पुलिस के खिलाफ बयान भी दिया था। परिवार में पत्नी और तीन बच्चे, गर्भवती हैं सुलेखा नरेंद्र सिलाई और मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करते थे। परिवार में पत्नी सुलेखा, दो बेटे कृष्णा (15) और आयुष (12) तथा पांच साल की बेटी पीयूष हैं। सुलेखा गर्भवती हैं। नरेंद्र की मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पुलिस का पक्ष नहीं आया सामने ग्रामीणों ने प्रशासन से शराब की दुकानों को कस्बे और आबादी से बाहर स्थानांतरित करने, मेले के दौरान ठेके बंद रखने और छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। उनका कहना है कि ऐसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए प्रशासन को ठोस कदम उठाने चाहिए। मामले में पुलिस की ओर से अभी कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User