SGPGI के डॉक्टरों ने पैर का अंगूठा हाथ में लगाया:सड़क हादसे में युवक का कटा था अंगूठा, 10 घंटे चली सर्जरी के बाद मिली सफलता

Nov 10, 2026 - 20:21
0
SGPGI के डॉक्टरों ने पैर का अंगूठा हाथ में लगाया:सड़क हादसे में युवक का कटा था अंगूठा, 10 घंटे चली सर्जरी के बाद मिली सफलता
लखनऊ में SGPGI के डॉक्टरों ने युवक के हाथ में उसके बाएं पैर का अंगूठा लगाया है। युवक का सड़क हादसे में दाहिने हाथ का अंगूठा कट गया था। डॉक्टरों ने कटे हिस्से को बंद कर टूटी हड्डियों को जोड़ने का ऑपरेशन किया था। लेकिन युवक हाथ से सामान्य काम नहीं कर पा रहा था। इसके बाद युवक SGPGI पहुंचा। जांच के बाद मरीज और परिजनों की काउंसलिंग की गई। इसके बाद बाएं पैर के अंगूठे को छोटा कर दाहिने हाथ में लगाने का फैसला लिया गया। युवक की 10 घंटे चली सर्जरी के बाद अब युवक के हाथ की पकड़ और ताकत लौटने लगी है। यह कामयाबी SGPGI के प्लास्टिक सर्जरी विभाग के डॉक्टरों ने हासिल की है। डॉक्टरों का दावा है कि संस्थान में पहली बार इस तरह की सफल सर्जरी की गई है। ऑपरेशन में हड्डी, मांसपेशियों के टेंडन, रक्त वाहिकाओं और संवेदना देने वाली नसों को बारीकी से जोड़ा गया। हाथ के काम में अंगूठे की भूमिका 40% प्लास्टिक सर्जन डॉ. राजीव कुमार भारती ने बताया कि युवक का 17 मार्च 2026 को सड़क हादसा हुआ था। इसमें उसके दाहिने हाथ का अंगूठा कट गया था और हाथ की दोनों हड्डियां भी टूट गई थीं। दूसरे अस्पताल में डॉक्टरों ने कटे हिस्से को बंद कर टूटी हड्डियों को जोड़ने का ऑपरेशन किया था। इसके बावजूद युवक हाथ से सामान्य काम नहीं कर पा रहा था। डॉक्टरों के मुताबिक, हाथ से होने वाले कामों में अंगूठे की भूमिका करीब 40% होती है। पैर से अंगूठा निकालकर हाथ में जोड़ा डॉ. राजीव भारती ने बताया कि युवक SGPGI पहुंचा तो जांच के बाद मरीज और परिजनों की काउंसलिंग की गई। इसके बाद बाएं पैर के अंगूठे को छोटा कर दाहिने हाथ में लगाने का फैसला लिया गया। 30 सितंबर को जनरल एनेस्थीसिया देकर ऑपरेशन शुरू किया गया। सर्जरी के दौरान एक टीम ने हाथ में अंगूठा लगाने के लिए जगह तैयार की, जबकि दूसरी टीम ने पैर के अंगूठे को उसकी धमनी, नसों और टेंडन समेत सावधानी से अलग किया। इसके बाद पैर के अंगूठे को हाथ की बची हुई हड्डी से जोड़ा गया। रक्त वाहिकाओं और नसों को जोड़कर उसमें ब्लड का प्रवाह बहाल किया गया। ऑपरेशन के बाद युवक की लगातार निगरानी की गई। अब प्रत्यारोपित अंगूठा ठीक से काम कर रहा है। युवक बिना सहारे चल पा रहा है और पैर की उंगलियों की कार्यक्षमता भी बनी हुई है। हैंड ट्रांसप्लांट यूनिट बनाने की दिशा में कदम SGPGI निदेशक डॉ. आरके धीमन ने इस कामयाबी पर पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सफलता संस्थान में समर्पित हैंड ट्रांसप्लांट यूनिट स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। प्लास्टिक सर्जरी विभाग से डॉ. अंकुर भटनागर, डॉ. राजीव कुमार भारती, डॉ. निखिलेश कुमार और रेजिडेंट डॉक्टर डॉ. आइना, डॉ. सुरभि, डॉ. जूही, डॉ. झिलिक, डॉ. शताक्षी और डॉ. प्रज्ञा शामिल रहीं। एनेस्थीसिया विभाग से डॉ. आशीष कनौजिया और रेजिडेंट डॉक्टर डॉ. शिखा, डॉ. अंजलि और डॉ. हर्ष ने जिम्मेदारी संभाली। OT स्टाफ से संजीव, सोनी, रितु, बसंत और पवन भी टीम में शामिल रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User