पंजाब ने मेजबान यूपी को 1-0 से हराया:बलिया में अंडर-17 राष्ट्रीय फुटबॉल प्रतियोगिता के दूसरे दिन 36 टीमें खेल रहीं

Nov 03, 2026 - 19:21
0
पंजाब ने मेजबान यूपी को 1-0 से हराया:बलिया में अंडर-17 राष्ट्रीय फुटबॉल प्रतियोगिता के दूसरे दिन 36 टीमें खेल रहीं
बलिया। 70वीं राष्ट्रीय विद्यालयी फुटबॉल प्रतियोगिता के दूसरे दिन मंगलवार को पंजाब ने मेजबान उत्तर प्रदेश को 1-0 से हराया। अंडर-17 बालक वर्ग की इस प्रतियोगिता में देशभर की 36 टीमें हिस्सा ले रही हैं। वीर लोरिक स्पोर्ट्स स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में पंजाब के सबरजीत ने 21वें मिनट में गोल किया। पिछले साल की उपविजेता पंजाब के खिलाफ उत्तर प्रदेश की टीम कोई गोल नहीं कर सकी। यह मंगलवार को पंजाब की दूसरी जीत थी। स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में हो रही प्रतियोगिता के लीग मुकाबले सुबह 8:30 बजे से शाम 5 बजे तक खेले जा रहे हैं। पुरस्कार वितरण रोजाना शाम करीब 6:30 बजे तक होता है। इससे पहले पंजाब ने सुबह गोवा को 3-0 से हराया। पंजाब के लिए अमित कुमार ने 30वें, सिद्धू ने 55वें और हरगुन सिंह ने 59वें मिनट में गोल किया। वहीं, आईबीएसओ ने दमन को 6-0 से हराया। मिनी स्टेडियम शेर में तमिलनाडु ने चंडीगढ़ को 3-2 से हराया। तमिलनाडु के सचिन ने 5वें मिनट में गोल किया। चंडीगढ़ के महताब ने 11वें मिनट में स्कोर बराबर कर दिया। तमिलनाडु के केबिन ने 17वें मिनट में गोल किया, जबकि चंडीगढ़ के ग्रेटसन ने 27वें मिनट में फिर बराबरी कर दी। मध्यांतर के बाद 51वें मिनट में तमिलनाडु के नादिश ने निर्णायक गोल किया। देखें, 3 तस्वीरें… मिनी स्टेडियम शेर में पश्चिम बंगाल ने हिमाचल प्रदेश को 6-0 से हराया, जबकि हरियाणा और झारखंड के बीच मुकाबला 2-2 से बराबर रहा। रामदहीन सिंह इंटर कॉलेज, आमघाट में त्रिपुरा और मणिपुर का मैच भी 2-2 से ड्रॉ रहा। गुजरात ने आंध्र प्रदेश को 4-2 और केरल ने सीबीएसई को 4-2 से हराया। टाउन पॉलिटेक्निक में पुडुचेरी ने कर्नाटक को 4-1, जम्मू-कश्मीर ने छत्तीसगढ़ को 2-1 और दिल्ली ने विद्या भारती को 3-0 से पराजित किया। ओडिशा और असम के बीच मुकाबला गोलरहित ड्रॉ रहा। मंगलवार को दिल्ली, गुजरात, केरल, जम्मू-कश्मीर और मध्य प्रदेश समेत कई टीमों ने जीत दर्ज की। दर्शकों ने मिनी स्टेडियम शेर में खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। बुधवार को प्रतियोगिता में कुल 27 लीग मैच खेले जाएंगे। प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका अमल कुंवर, मोहम्मद गयासुद्दीन, अजय यादव, मेहरुद्दीन, शनि कुमार, सौरभ कुमार, अजीत सिंह, चंद्रकांत राय, राजू कुमार, मोहम्मद अशफाक, संजय साहनी, धर्मवीर प्रजापति, रवि शर्मा, हाजी मुनव्वर, मनोज तिवारी, उपेंद्र शुक्ला, नवनीत और विशाल कुमार आदि ने निभाई। इस दौरान हर्ष सिंह, क्रीड़ा अधिकारी जवाहर लाल यादव, कुंवर अरुण सिंह, प्रतियोगिता समन्वयक दिनेश कुमार सिंह, सह समन्वयक पंकज सिंह, फील्ड ऑफिसर द्रोणवीर सिंह यादव, मोहम्मद नईम अहमद, टेक्निकल डायरेक्टर अश्विनी यादव समेत अन्य लोग उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User