पोषण सामग्री बनाकर परिवार की आमदनी बढ़ा रहीं 20 महिलाएं:श्रावस्ती में मधुवन प्रेरणा लघु उद्योग से 4 साल से मिल रहा रोजगार
श्रावस्ती के जमुनहा क्षेत्र के गौसपुर में संचालित मधुवन प्रेरणा लघु उद्योग पिछले चार साल से स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को रोजगार दे रहा है। यहां काम कर रहीं 20 महिलाएं अपनी आमदनी से परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने में योगदान दे रही हैं। शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे महिलाओं ने बताया कि यह इकाई उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन और ग्राम्य विकास विभाग की पहल से संचालित हो रही है। बच्चों और महिलाओं के लिए तैयार होती है पोषण सामग्री इस इकाई में बच्चों, गर्भवती महिलाओं और किशोरी बालिकाओं की पोषण संबंधी जरूरतों को ध्यान में रखकर खाद्य सामग्री बनाई जाती है। तीन से छह साल तक के बच्चों के लिए आटा-बेसन की बर्फी और मूंगदाल की खिचड़ी तैयार की जाती है। अति कुपोषित बच्चों के लिए ऊर्जा से भरपूर हलुआ बनाया जाता है। गर्भवती महिलाओं और किशोरी बालिकाओं के लिए भी आटा-बेसन की बर्फी और मूंगदाल की खिचड़ी तैयार होती है। आर्थिक जिम्मेदारी में पति का हाथ बंटा रहीं महिलाएं इकाई से जुड़ी महिलाओं ने बताया कि समूह से जुड़ने से पहले वे घर तक सीमित थीं और आमदनी बढ़ाने का कोई खास साधन नहीं था। यहां काम मिलने के बाद उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिला। अब वे अपने पतियों के साथ परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी साझा कर रही हैं। महिलाओं के मुताबिक, उनकी आमदनी से बच्चों को बेहतर शिक्षा दिलाने और उनका भविष्य संवारने में भी मदद मिल रही है। इस तरह मधुवन प्रेरणा लघु उद्योग महिलाओं को रोजगार देने के साथ ही बच्चों और महिलाओं के पोषण की जरूरतें पूरी करने में भी योगदान दे रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)