ऑपरेशन से पहले युवक की मौत, अंतिम संस्कार रोका:सुल्तानपुर में निजी अस्पताल के डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप

Nov 20, 2026 - 19:40
0
ऑपरेशन से पहले युवक की मौत, अंतिम संस्कार रोका:सुल्तानपुर में निजी अस्पताल के डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप
सुल्तानपुर के मोतिगरपुर थाना क्षेत्र के जगरानी हॉस्पिटल में हार्निया के ऑपरेशन से पहले तबीयत बिगड़ने के बाद एक युवक की मौत हो गई। शुक्रवार शाम 6 बजे तक परिजनों ने अंतिम संस्कार नहीं किया है। पुलिस ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। दो डॉक्टरों के पैनल ने बृहस्पतिवार रात युवक के शव का पोस्टमार्टम किया था। इसके बाद परिजन शव लेकर घर पहुंचे। शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे वे अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे थे। तभी कई संगठनों के लोग वहां पहुंचे और अस्पताल के दोषियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की। पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद प्राथमिकी दर्ज करने का भरोसा दिया। इसी बीच कुछ अन्य संगठनों के लोग भी वहां पहुंचे। उन्होंने दावा किया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हार्निया का जिक्र नहीं है और दोबारा पोस्टमार्टम कराने की मांग की। इसके बाद परिजनों ने अंतिम संस्कार रोक दिया। सूचना मिलने पर तहसीलदार जयसिंहपुर उमेश यादव और सीओ कादीपुर विनय गौतम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों को समझाने की कोशिश की, लेकिन वे अंतिम संस्कार के लिए राजी नहीं हुए। सीओ विनय गौतम ने बताया कि सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों के तहत पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों के कहने पर परिजन अंतिम संस्कार से इनकार कर रहे हैं। उनसे बातचीत की जा रही है और जल्द अंतिम संस्कार कराया जाएगा। मौके पर मोतिगरपुर, जयसिंहपुर, कादीपुर और गोसाईंगंज थानों की पुलिस तैनात रही। अधिकारियों की मौजूदगी में परिजनों को मनाने की कोशिश जारी रही।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User