प्रयागराज के अर्बन मार्केट पर रोक, जानिये वकीलों की दलीलें:ऐतिहासिक इमारतों के आसपास वेंडिंग जोन नहीं, नजीर बनेगा हाईकोर्ट का फैसला
उत्तर प्रदेश शासन और प्रयागराज नगर निगम को इलाहाबाद हाईकोर्ट से बड़ा झटका लगा है। लाखों के टेंडर के जरिये हाईकोर्ट के करीब एजी ऑफिस रोड पर अर्बन मार्केट तैयार की गई। कारोबारियों ने अर्बन मार्केट रोशन भी कर दी। नियमों के उल्लघंन को लेकर मामला हाईकोर्ट पहुंच गया। कोर्ट ने ऐसी अर्बन मार्केट को आने वाली पीढ़ियों के लिए विनाश का रास्ता बताते हुए रोक लगा दी। कोर्ट ने साफ कर दिया कि भविष्य में हाईकोर्ट, सर्किट हाउस, शहर की प्रमुख सड़कों किसी भी तरह का अर्बन मार्केट या वेंडिंग जोन नहीं बनेगा। शसन, प्रयागराज प्रशासन, निगम के वकील दलीलें देते रहे लेकिन अरविंद कुमार मिश्रा व 34 अन्य याचिकाओं का पक्ष रखने वाले वकीलों के पक्ष में आर्डर आया। कोर्ट में वकील ने क्या दलीलें रखीं जानिये हाईकोर्ट में पक्ष, दलीलें पेश करने वाले वकील बृजेश चंद्र श्रीवास्तव का कहना है कि हाईकोर्ट के आसपास, सर्किट हाउस और जो प्रमुख सड़कें जुड़ी हुई हैं, इसपर न तो कोई वेंडिंग जोन बनना चाहिए, न तो कोई अर्बन बाजार बनना चाहिए। कोर्ट ने कहा है कि न अभी बने, न बाद में बने। हमनें कोर्ट को बताया कि चारों ओर ऐतिहासिक बिल्डिंग हैं। मेन क्राउडेड एरिया में है, गवर्नमेंट प्रेस है। पर्यावरण संरक्षण का ध्यान दिया गया न ही न फायर और न पार्किंग का इंतजाम हुआ। नाले, नाली के ऊपर बाजार बना दिया गया। सात-सात लाख रुपये पगड़ी, पचास हजार रुपये किराया ले रहे हैं। कोर्ट से कहा कि वो गरीब दुकानदारों, जो ऑलरेडी वहां वेंडिंग जोन के रूप में छोटी दुकानें चला रहे थे, उनको सेटल करना चाहिए था। एक लाइन में मांग यह किया कि शहर को ट्रैफिक से फ्री किया जाए। अर्बन मार्केट, वेंडिंग जोन पर हाईकोर्ट की रोक इलाहाबाद हाईकोर्ट ने अर्बन मार्केट और वेंडिंग जोन को लेकर महत्वपूर्ण फैसला दिया है। कोर्ट ने कहा भविष्य में हाईकोर्ट, सर्किट हाउस और आसपास की सड़कों पर किसी भी तरह का अर्बन मार्केट या वेंडिंग जोन नहीं बनेगा। मुख सड़कों पर लगने वाली अर्बन मार्केट और वेंडिंग जोन को लेकर कोर्ट ने कहा कि इसका वैकल्पिक रास्ता तलाशें। हाईकोर्ट ने ट्रैफिक समस्या पर सख्त रुख अपनाते हुए यह आदेश जारी किया है। ऐसे स्थान चिन्हित करने को कहा है जहां वाहनों की पार्किंग की उचित व्यवस्था रहे। हाईकोर्ट ने यह आदेश अरविंद कुमार मिश्रा व 34 अन्य सहित कई अन्य जनहित याचिकाओं पर दिया है। अब मामले की अगली सुनवाई 27 नवंबर को होगी। जस्टिस अजीत कुमार और जस्टिस गरिमा प्रसाद की डिवीजन बेंच ने यह आदेश पारित किया है। शासन की ओर से कोर्ट को बताया गया सुनवाई के दौरान प्रशासन की ओर से कोर्ट को जानकारी दी गई। कहा गया कि 20 जुलाई को कोर्ट द्वारा आदेश किए जाने के पहले ही एक अर्बन मार्केट में 60 दुकानों का आवंटन कर दिया गया था। इसलिए कोर्ट के आदेश की कोई अवहेलना नहीं हुई है। हालांकि दुकान आदेश के बाद खुली हो सकती हैं। कोर्ट ने उठाए थे सवाल इससे पहले की सुनवाई में कोर्ट ने नगर निगम से पूछा था कि शाम के समय अर्बन मार्केट लगने पर वाहनों की पार्किंग कैसे की जाएगी। क्योंकि अर्बन मार्केट से भीड़ और ट्रैफिक की समस्या हो सकती है। कोर्ट ने कहा था सरोजिनी नायडू मार्ग शहर की प्रमुख सड़क है, इस सड़क पर शिक्षा विभाग, गवर्नमेंट प्रेस और राजस्व परिषद जैसे राज्य सरकार के कई महत्वपूर्ण कार्यालय हैं। निगम ने दी थी दलीलें नगर निगम ने दलील दी थी कि वाहनों की पार्किंग ग्रीन बेल्ट के सामने की जाएगी। हालांकि हाईकोर्ट ने इसे पूरी तरह से अव्यवहारिक बताते हुए खारिज कर दिया था। कोर्ट ने शहर के सुनियोजित विकास पर महत्वपूर्ण टिप्पणी करते हुए कहा था कि किसी भी शहर में आवासीय क्षेत्र फेफड़ों की तरह होते हैं। ऐसा न हो तो शहर हर तरह के वाहनों से भर जाएंगे और भारी ट्रैफिक जाम और ध्वनि प्रदूषण होगा। कोर्ट ने व्यावसायिक और आवासीय क्षेत्र का स्पष्ट रूप से अलग-अलग सीमांकन करने की बात कही है। कोर्ट ने कहा यह विनाश वाला प्लान कोर्ट ने कहा है यदि कोई मास्टर प्लान शहर की हर सड़क और कोने को व्यवसायिक बनाने का प्रावधान करता है। तो आने वाली पीढ़ी के लिए एक तरह से विनाश का प्लान है। कोर्ट ने नगर निगम प्रयागराज को निर्देश दिया है कि पूरे क्षेत्र को वेंडिंग जोन और अर्बन मार्केट से मुक्त करने के लिए वैकल्पिक जगह तलाशे, नगर निगम को उस वैकल्पिक स्थान का क्षेत्रफल परिभाषित करते हुए वहां वाहनों की पार्किंग की सुविधा सुनिश्चित करने का आदेश दिया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)