प्रयागराज के हारिस खान का अजमेर में जलवा:अंडर-16 टेनिस के एकल और युगल दोनों खिताब जीते, 13 साल की उम्र में दोहरी सफलता
प्रयागराज के संत जोसफ कॉलेज के कक्षा आठ के छात्र हारिस खान ने राजस्थान के अजमेर में आयोजित एआईटीए (AITA) अंडर-16 लॉन टेनिस चैंपियनशिप सीरीज में दोहरी सफलता हासिल की है। सात से 13 नवंबर तक आयोजित प्रतियोगिता में हारिस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एकल और युगल दोनों वर्गों के खिताब अपने नाम किए। महज 13 वर्ष की उम्र में अंडर-16 वर्ग में यह उपलब्धि हासिल कर उन्होंने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
एकल वर्ग के सेमीफाइनल में हारिस का मुकाबला राजस्थान के पार्थ चौधरी से हुआ। कड़े मुकाबले में हारिस ने पहला सेट 3-6 से गंवाने के बाद शानदार वापसी की और अगले दोनों सेट 6-2, 6-1 से जीतकर फाइनल में जगह बनाई। खिताबी मुकाबले में उनका सामना सातवीं वरीयता प्राप्त गुजरात के जप परवानी से हुआ। हारिस ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए सीधे सेटों में 6-2, 6-1 से जीत दर्ज कर एकल का खिताब अपने नाम किया।
युगल वर्ग में हारिस ने सेमीफाइनल में अपने प्रतिद्वंद्वी रहे पार्थ चौधरी के साथ जोड़ी बनाई। फाइनल में हारिस और पार्थ की जोड़ी ने गुजरात के धीरव कोठारी और कश्यप पटेल की जोड़ी को रोमांचक मुकाबले में 6-7 (4), 6-2, 10-5 से हराकर दूसरा खिताब भी जीत लिया।
हारिस की इस दोहरी सफलता को उनकी निरंतर मेहनत, अनुशासन और बेहतर खेल प्रशिक्षण का परिणाम माना जा रहा है। उनकी उपलब्धि पर कोच असद इकबाल और सैफ इकबाल तथा प्रायोजक इंडियन बुक पैलेस ने बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)