प्रयागराज में बढ़ने लगा ठंड का असर, सुबह-शाम छाई धुंध:AQI 245 पर पहुंचा, एक हफ्ते बाद बढ़ेगी ठंड
प्रयागराज में अब धीरे-धीरे ठंड का असर बढ़ने लगा है। सुबह और शाम मौसम ठंडा रहने लगा है, जबकि दिन में धूप निकलने से लोगों को हल्की गर्मी का एहसास हो रहा है। देर रात और सुबह के समय हल्की धुंध भी दिखाई देने लगी है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले एक सप्ताह में तापमान में और गिरावट आने के आसार हैं। इससे ठंड बढ़ेगी और सुबह-शाम सर्दी का असर ज्यादा महसूस होगा।
शनिवार को शहर का अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। अगले कुछ दिनों में अधिकतम तापमान 27 से 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 13 से 15 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। रात में ओस पड़ने और तापमान गिरने से सुबह ठंड का एहसास बढ़ेगा। दिन और रात के तापमान में अंतर भी बना रहेगा। दिवाली के बाद प्रदूषण से मिलने लगी राहत, AQI 245 दर्ज दिवाली पर हुई आतिशबाजी के बाद प्रयागराज की हवा की गुणवत्ता बिगड़ गई थी। पटाखों से निकले धुएं और प्रदूषित कणों के कारण दिवाली के बाद शहर का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 505 तक पहुंच गया था। इसके बाद प्रदूषण के स्तर में धीरे-धीरे गिरावट दर्ज की जा रही है। बुधवार को AQI 356 और शुक्रवार को 313 दर्ज किया गया था। शनिवार सुबह यह घटकर 245 पर पहुंच गया। यानी दिवाली के बाद से हवा की गुणवत्ता में सुधार हुआ है। हालांकि, AQI अभी भी खराब श्रेणी में है। सुबह के समय कई इलाकों में धुंध और स्मॉग का असर दिखाई दे रहा है। बच्चों और बुजुर्गों को सावधानी बरतने की जरूरत हवा में मौजूद PM2.5 और PM10 के बारीक कण सेहत को नुकसान पहुंचा सकते हैं। इनके कारण आंखों में जलन, खांसी, गले में खराश और सांस लेने में परेशानी हो सकती है। बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी बीमारियों से पीड़ित लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। प्रदूषण का स्तर सामान्य होने तक सुबह के समय खुले में ज्यादा देर तक टहलने और व्यायाम करने से बचना चाहिए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)