शिकायतों के बाद थानेदारों पर SP की कार्रवाई:गोंडा में 5 पुलिसकर्मियों के ट्रांसफर, कटरा बाजार थानेदार हटाए गए
गोंडा में एसपी अभिषेक झा ने शनिवार तड़के करीब 3 बजे पुलिस विभाग में फेरबदल करते हुए दो निरीक्षक और तीन उपनिरीक्षकों समेत पांच पुलिसकर्मियों के कार्यक्षेत्र बदल दिए। कटरा बाजार थानाध्यक्ष अजय कुमार तिवारी को हटाकर एसपी का पीआरओ बनाया गया है। उनकी जगह खोडारे में तैनात ज्ञान सिंह को जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, मोतीगंज और इटियाथोक थानों में भी नए प्रभारी नियुक्त किए गए हैं। बताया जा रहा है कि कुछ थानेदारों के खिलाफ लगातार शिकायतें मिल रही थीं। एसपी ने कार्यशैली में सुधार नहीं होने पर यह बदलाव किया है। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों को जीरो टॉलरेंस नीति के तहत काम करने और आम लोगों की शिकायतों का प्राथमिकता से निस्तारण करने के निर्देश दिए हैं। कटरा बाजार थानेदार हटे, ज्ञान सिंह को मिली जिम्मेदारी कटरा बाजार थानाध्यक्ष अजय कुमार तिवारी को 14 सितंबर को इस पद पर तैनात किया गया था। करीब दो महीने बाद 14 नवंबर को उन्हें हटाकर एसपी का पीआरओ बना दिया गया। उनके खिलाफ लगातार शिकायतें मिलने और कार्यशैली में सुधार नहीं होने की बात सामने आई है। खोडारे में तैनात ज्ञान सिंह को कटरा बाजार थाने की जिम्मेदारी दी गई है। इटियाथोक और मोतीगंज में भी बदले प्रभारी इटियाथोक के कोतवाल गौरव सिंह तोमर को मोतीगंज का थानाध्यक्ष बनाया गया है। अपराध शाखा में तैनात निरीक्षक राजेश कुमार तिवारी को इटियाथोक का नया कोतवाल बनाया गया है। वहीं, मोतीगंज थानाध्यक्ष तेज नारायण गुप्ता को खोडारे भेजा गया है। उनके खिलाफ भी लोगों की शिकायतें समय पर नहीं सुनने के आरोप सामने आए थे। भ्रष्टाचार और लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी एसपी अभिषेक झा ने सभी पुलिसकर्मियों को उत्तर प्रदेश सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि भ्रष्टाचार या लापरवाही मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। थानों और कोतवाली में शिकायत लेकर आने वाले लोगों की समस्याएं सुनकर उनका समाधान करने को कहा गया है। 11 सितंबर को भी 81 पुलिसकर्मियों के हुए थे तबादले एसपी ने निर्देश दिए कि फरियादियों को अपनी शिकायत लेकर जिला मुख्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें। अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई हो और महिला अपराधों में कमी लाई जाए। इससे पहले 11 सितंबर को भी जिले में बड़े स्तर पर फेरबदल करते हुए 81 पुलिसकर्मियों के तबादले किए गए थे। उस दौरान नौ चौकी प्रभारियों को भी हटाया गया था। एसपी लगातार पुलिस व्यवस्था को मजबूत करने के लिए बदलाव कर रहे हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)