प्रयागराज में बढ़ने लगी ठंड, सुबह हल्के कोहरे का असर:सुबह-शाम तापमान में 3 से 4 डिग्री की गिरावट, AQI 300 पार
प्रयागराज में अब धीरे-धीरे ठंड बढ़ने लगी है। सुबह और शाम तापमान में गिरावट के कारण ठंड का एहसास ज्यादा हो रहा है। रात में ओस और कोहरे के कारण मौसम ठंडा बना हुआ है। वहीं, दिन में धूप निकलने से लोगों को राहत मिल रही है, लेकिन आसमान में धुंध की चादर छाई रहने से मौसम में बदलाव साफ दिखाई दे रहा है। शहर में तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार को अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है। दिन और रात के तापमान में अंतर के कारण सुबह-शाम ठंड का असर अधिक महसूस हो रहा है। ठंड के साथ प्रदूषण भी बढ़ा रहा परेशानी शहर में ठंड के साथ वायु प्रदूषण भी लोगों की परेशानी बढ़ा रहा है। एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) लगातार 300 के पार बना हुआ है। दिवाली पर पटाखों और धुएं के कारण शहर का AQI 500 के पार पहुंच गया था। इसके बाद प्रदूषण के स्तर में कुछ गिरावट आई, लेकिन हवा की गुणवत्ता अब भी खराब बनी हुई है। सुबह के समय आसमान में धुंध छाई रहती है। इसके साथ हवा में मौजूद प्रदूषित कणों का असर भी दिखाई दे रहा है। खराब हवा के कारण सांस के मरीजों और बच्चों को परेशानी हो सकती है। वहीं, लोगों को आंखों में जलन और सांस लेने में दिक्कत का खतरा भी बना हुआ है। एक सप्ताह बाद बढ़ सकती है ठंड मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक मौसम में खास बदलाव की संभावना नहीं है। दिन में धूप निकलने से मौसम सामान्य रहेगा, जबकि सुबह और शाम ठंड का असर बना रहेगा। हालांकि, करीब एक सप्ताह बाद तापमान में और गिरावट आने से ठंड बढ़ने के आसार हैं। इसके साथ ही कोहरे का असर भी धीरे-धीरे बढ़ सकता है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)