प्रयागराज में मतदाता सूची से कोई पात्र नागरिक न छूटे:डीएम ने दिए निर्देश, 12 नवंबर को जारी होगी सूची, 11 दिसंबर तक दर्ज होंगी आपत्तियां
प्रयागराज में मतदाता सूची में पहली बार वोट देने वाले युवाओं और पंजीकरण से छूटे पात्र नागरिकों के नाम शामिल कराने के लिए शनिवार को विशेष अभियान चलाया गया। डीएम एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने हरवारा स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय, मेरी वानामेकर इंटर कॉलेज समेत विभिन्न बूथों का निरीक्षण किया। उन्होंने बीएलओ को निर्देश दिया कि कोई भी पात्र मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटने न पाए। डीएम ने कहा कि विशेष अभियान के बाद भी घर-घर जाकर ऐसे युवाओं और पात्र नागरिकों की पहचान की जाए, जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं है। उनसे फॉर्म-6 भरवाकर आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन की फीडिंग कराई जाए, ताकि उनका नाम मतदाता सूची में शामिल हो सके। उन्होंने बूथों पर आने वाले पात्र नागरिकों के आवेदन तत्काल भरवाने और उनकी प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश भी दिए। महिला मतदाताओं के नाम जोड़ने पर जोर
डीएम ने कहा कि जिन क्षेत्रों में मतदाता सूची में महिला और पुरुष मतदाताओं का अनुपात कम है, वहां विशेष ध्यान दिया जाए। जिन पात्र महिलाओं का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं है, उनसे फॉर्म-6 भरवाकर नाम दर्ज कराने की कार्रवाई की जाए। उन्होंने नागरिकों से लोकतंत्र में भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने की अपील की। मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए ऑफलाइन के साथ ऑनलाइन आवेदन की सुविधा भी उपलब्ध है। पात्र नागरिक निर्वाचन आयोग के ECINET मोबाइल एप और वेबसाइट voters.eci.gov.in के माध्यम से फॉर्म-6, 7 और 8 जमा कर सकते हैं। फॉर्म-6 नए मतदाता के रूप में नाम जुड़वाने, फॉर्म-7 नाम हटाने या आपत्ति दर्ज कराने और फॉर्म-8 मतदाता विवरण में संशोधन या अन्य निर्धारित बदलावों के लिए इस्तेमाल किया जाता है। 4 जनवरी 2027 को होगा अंतिम प्रकाशन
निर्वाचक नामावली की ड्राफ्ट सूची 12 नवंबर 2026 को प्रकाशित की जाएगी। इसके बाद 12 नवंबर से 11 दिसंबर तक दावे और आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन 4 जनवरी 2027 को होगा। निरीक्षण के दौरान एसडीएम सदर अंकित वर्मा समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)