प्रयागराज में मुलायम सिंह की जयंती पर दूध का भंडारा:सपा नेता संदीप यादव ने आयोजन किया, कार्यकर्ताओं ने श्रद्धांजलि दी
प्रयागराज में समाजवादी पार्टी के संस्थापक और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। रविवार को सपा नेता संदीप यादव ने संगम क्षेत्र में बड़े हनुमान मंदिर के पास दूध का भंडारा लगाया। यहां श्रद्धालुओं और राहगीरों को दूध बांटा गया। कार्यक्रम में सपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने मुलायम सिंह यादव के राजनीतिक जीवन और समाजवादी विचारधारा को याद किया। संदीप यादव ने कहा कि मुलायम सिंह यादव ने किसानों, पिछड़ों, गरीबों और वंचित वर्गों की आवाज को मजबूती से उठाया। उनका आम लोगों से सीधा जुड़ाव था। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता मुलायम सिंह यादव को सम्मान से ‘नेताजी’ कहते हैं। उनके संघर्ष और समाजवादी विचारों से कार्यकर्ताओं को आगे भी प्रेरणा मिलती रहेगी। 1939 में सैफई में हुआ था जन्म मुलायम सिंह यादव का जन्म 22 नवंबर 1939 को इटावा के सैफई गांव में हुआ था। डॉ. राममनोहर लोहिया के समाजवादी विचारों से प्रभावित होकर उन्होंने राजनीति में कदम रखा। वह 1967 में पहली बार विधायक चुने गए। उन्होंने 1992 में समाजवादी पार्टी की स्थापना की। मुलायम सिंह यादव तीन बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे। इसके अलावा 1996 से 1998 तक देश के रक्षा मंत्री की जिम्मेदारी संभाली। उनका निधन 10 अक्टूबर 2022 को हुआ था। वर्ष 2023 में उन्हें मरणोपरांत पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)