लखनऊ से 2 सदस्यीय जांच टीम सहारनपुर पहुंची:5 मौतों के पोस्टमार्टम में देरी के आरोपों की जांच शुरू, पुलिस की भूमिका पर उठे सवाल
सहारनपुर के सरसावा में संग्रह अमीन अशोक राठी समेत परिवार के पांच सदस्यों की मौत के मामले में पोस्टमार्टम प्रक्रिया जांच के घेरे में आ गई है। पोस्टमार्टम में देरी की शिकायत पर शासन ने दो सदस्यीय टीम गठित की है। बुधवार को लखनऊ और मेरठ से पहुंचे स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने स्थानीय अफसरों से जानकारी ली। टीम ने पोस्टमार्टम में लगे समय, अपनाई गई प्रक्रिया और पुलिस की भूमिका के बारे में भी सवाल किए। टीम में स्वास्थ्य विभाग के लखनऊ स्थित निदेशालय के निदेशक और मेरठ के अपर निदेशक स्वास्थ्य शामिल हैं। प्राक्कलन समिति ने शासन में शिकायत कर पोस्टमार्टम में देरी का आरोप लगाया था। इसी शिकायत के आधार पर शासन ने जांच के निर्देश दिए। बुधवार को सहारनपुर पहुंची टीम ने शिकायत में उठाए गए बिंदुओं पर स्थानीय स्वास्थ्य अधिकारियों से जवाब मांगा। पोस्टमार्टम किस प्रक्रिया से कराया गया, इसमें कितना समय लगा और पुलिस की ओर से क्या कार्रवाई की गई, इसकी जानकारी जुटाई गई। फिलहाल जांच टीम की ओर से कोई निष्कर्ष सामने नहीं आया है। 20 जनवरी को एक ही परिवार के पांच लोगों की हुई थी मौत यह घटना 20 जनवरी 2026 को सरसावा थाना क्षेत्र की कौशिक विहार कॉलोनी में हुई थी। पुलिस के अनुसार, संग्रह अमीन अशोक राठी ने अपनी मां विद्यावती, पत्नी अंजिता और दो बेटों कार्तिक व देव को गोली मार दी थी। इसके बाद खुद को भी गोली मार ली थी। घटना में पांचों की मौत हो गई थी। सभी के शव घर के एक कमरे में मिले थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल की जांच और कानूनी कार्रवाई के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा था। पोस्टमार्टम के बाद प्राक्कलन समिति ने प्रक्रिया में देरी का आरोप लगाते हुए शासन से शिकायत की थी। अब शासन की ओर से गठित टीम की जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि पोस्टमार्टम में देरी हुई थी या नहीं और शिकायत में लगाए गए आरोप कितने सही हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)