सरस महोत्सव में महिलाओं के हुनर को मिला बाजार:जालौन में QR कोड से ले रहीं डिजिटल पेमेंट, डीएम-एसपी ने खरीदारी कर बढ़ाया उत्साह
जालौन के उरई स्थित राजकीय इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित सरस दीपावली महोत्सव में ग्रामीण महिलाओं के हुनर को बाजार और स्थानीय उत्पादों को पहचान मिल रही है। यहां स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं अपने हाथों से तैयार उत्पादों की बिक्री कर रही हैं। खास बात यह है कि महिलाएं ग्राहकों से मोबाइल के जरिए क्यूआर कोड स्कैन कर डिजिटल भुगतान भी प्राप्त कर रही हैं। स्थानीय हुनर और आधुनिक तकनीक का यह संगम ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में नई पहल के रूप में सामने आया है। स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन देने, स्वदेशी वस्तुओं को बढ़ावा देने और महिला स्वयं सहायता समूहों व स्थानीय उद्यमियों को बाजार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जनपद में पहली बार राजकीय इंटर कॉलेज मैदान में जनपद स्तरीय दीपावली प्रदर्शनी एवं सरस महोत्सव आयोजित किया जा रहा है। 4 से 6 नवंबर तक चलने वाले इस महोत्सव में विभिन्न स्थानीय उत्पादों के स्टाल लगाए गए हैं। यहां जनपदवासी भी उत्साह के साथ खरीदारी कर रहे हैं।
बुधवार शाम 5 बजे जिलाधिकारी समीर और पुलिस अधीक्षक सुरेश चंद्र रावत ने महोत्सव में पहुंचकर विभिन्न स्टालों का अवलोकन किया। अधिकारियों ने स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं और स्थानीय उद्यमियों से बातचीत कर उनके उत्पादों, बिक्री और कारोबार की जानकारी ली। इस दौरान डीएम और एसपी ने स्थानीय उत्पादों की खरीदारी भी की और महिला उद्यमियों का उत्साहवर्धन किया। महोत्सव की खास बात यह है कि ग्रामीण महिलाओं ने डिजिटल तकनीक को अपने कारोबार से जोड़ लिया है। स्टालों पर क्यूआर कोड के माध्यम से भुगतान की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। ग्राहक नकदी के बजाय मोबाइल से क्यूआर कोड स्कैन कर भुगतान कर रहे हैं। इससे महिलाओं को बिक्री में सहूलियत मिलने के साथ डिजिटल लेनदेन की जानकारी भी मिल रही है।
इस अवसर पर जिलाधिकारी समीर ने जनपदवासियों से अपील की कि दीपावली पर जरूरत की वस्तुओं की खरीदारी सरस महोत्सव से करें और स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता दें। उन्होंने कहा कि स्वदेशी वस्तुओं की खरीदारी से स्थानीय कारीगरों, छोटे व्यापारियों और महिला उद्यमियों की मेहनत को प्रोत्साहन मिलेगा। इससे रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और जनपद की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि पहली बार आयोजित यह महोत्सव आने वाले वर्षों में जनपद की एक सुंदर परंपरा बनेगा। महोत्सव में खरीदारी के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। शुभारंभ अवसर पर कलाकारों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। वहीं, 6 नवंबर तक प्रतिदिन विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)