पति की मौत के बाद विधवा से मांगे 5 लाख:सहारनपुर में देवर ने कमरे में घुसकर की छेड़छाड़, विरोध करने पर ससुराल वालों ने पीटा, 6 पर FIR
सहारनपुर में पति की मौत के बाद विधवा को ससुराल में प्रताड़ित करने, मायके से पांच लाख रुपये लाने का दबाव बनाने और छेड़छाड़ करने का मामला सामने आया है। महिला का आरोप है कि देवर ने कमरे में घुसकर उसके साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की। विरोध करने पर उसके कपड़े फाड़ दिए। जब उसने इसकी शिकायत ससुराल के अन्य लोगों से की तो उन्होंने उल्टा उसके साथ मारपीट की। सास और ननद ने दुपट्टे से गला खींचकर जान से मारने की कोशिश की। महिला की शिकायत पर पुलिस ने ससुर, सास, दो देवर, जेठानी और ननद समेत छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। महिला अर्शी मूल रूप से संभल जिले के सराय तरीन स्थित नवाब खेल की रहने वाली है। फिलहाल वह सहारनपुर के मंडी थाना क्षेत्र की न्यू चांद कॉलोनी में रह रही है। एसएसपी को दिए प्रार्थना पत्र में अर्शी ने बताया कि उसकी शादी करीब 11 साल पहले संभल निवासी मोअज्जम के साथ हुई थी। 18 नवंबर 2024 को उसके पति की मौत हो गई थी। पति की मौत के बाद वह ससुराल में ही रह रही थी। कारोबार के लिए मायके से पांच लाख रुपये लाने का दबाव बनाया अर्शी का आरोप है कि पति की मौत के बाद ससुराल वालों का व्यवहार बदल गया। वे छोटी-छोटी बातों पर उसे परेशान करने लगे और उसके साथ मारपीट भी करने लगे। ससुराल वाले बार-बार उस पर मायके से कम से कम पांच लाख रुपये लाने का दबाव बनाते थे। उनका कहना था कि इन रुपयों से देवर का कारोबार शुरू कराया जाएगा। महिला ने बताया कि जब वह मायके में फोन करके अपनी परेशानी बताती थी तो परिवार के लोग उसे समझाते थे कि पति की मौत को अभी कुछ ही समय हुआ है, कुछ दिन बाद सब ठीक हो जाएगा। लेकिन ससुराल वालों के व्यवहार में कोई बदलाव नहीं आया। पति की मौत के बाद इद्दत पूरी करने पर वह मायके चली गई थी। कमरे का ताला तोड़कर जेवर निकालने और प्लॉट पर कब्जे का आरोप महिला के मुताबिक, उसके मायके जाने के बाद ससुर और सास ने उसके कमरे का ताला तोड़ दिया। कमरे में रखे करीब तीन तोले सोने के जेवर निकाल लिए। इसके अलावा उसके पति ने जो प्लॉट खरीदे थे, उन पर भी ससुराल वालों ने कब्जा कर लिया। जब वह मायके से वापस लौटी तो कमरे का ताला टूटा मिला। इस बारे में ससुर और सास से पूछताछ की तो ससुराल के सभी लोगों ने उसके साथ मारपीट की और उसे घर से निकाल दिया। बाद में पंचायत होने पर वह दोबारा ससुराल पहुंची, लेकिन इसके बाद भी ससुराल वालों का व्यवहार नहीं बदला। देवर ने कमरे में घुसकर की जबरदस्ती, विरोध पर कपड़े फाड़े अर्शी ने आरोप लगाया कि 5 जनवरी 2026 को दोपहर करीब 2:30 बजे वह अपने कमरे में अकेली थी। इसी दौरान उसका देवर कमरे में घुस आया और उसके साथ जबरदस्ती करने लगा। विरोध करने पर उसने उसके कपड़े फाड़ दिए। महिला के शोर मचाने पर परिवार के अन्य लोग भी वहां पहुंच गए। महिला ने जब इस घटना की शिकायत ससुराल के लोगों से की तो उन्होंने उसकी गलती बताते हुए उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि ससुर ने उसकी चोटी पकड़कर उसे जमीन पर गिरा दिया। सास और ननद ने दुपट्टे से उसका गला खींचकर जान से मारने की कोशिश की। वहीं, परिवार के अन्य लोगों ने लात-घूंसों से उसकी पिटाई की। पड़ोसियों ने बचाया, बच्चों को लेकर मायके पहुंची महिला अर्शी के मुताबिक, उसके शोर मचाने पर मोहल्ले के लोग इकट्ठा हो गए। उन्होंने किसी तरह उसे ससुराल वालों से बचाया। इसके बाद वह अपने बच्चों को लेकर मायके चली गई। आरोप है कि ससुराल वाले फोन पर भी उसे जान से मारने की धमकी देने लगे। महिला का कहना है कि ससुराल वालों ने उसके कमरे पर भी अपना ताला लगा दिया है। वह अपने घर से बेघर होकर रहने को मजबूर है। कार्रवाई नहीं होने पर दोबारा पहुंची एसएसपी के पास महिला ने बताया कि उसने इस पूरे मामले की शिकायत 17 जून 2026 को भी एसएसपी से की थी, लेकिन उस समय कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद 7 जुलाई 2026 को उसने दोबारा प्रार्थना पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और अपनी जान-माल की सुरक्षा की मांग की। पुलिस ने महिला की शिकायत पर संभल निवासी ससुर मौबिन, सास तारा बेगम, जेठ अजीम, देवर हसन, जेठानी सबीना और ननद फरहीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मामले में लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)