पति से विवाद के बाद पत्नी ने आग लगाई:रेउना में इलाज के दौरान मौत; परिजनों ने पति पर जलाकर मारने का आरोप लगाया

Nov 13, 2026 - 17:16
0
पति से विवाद के बाद पत्नी ने आग लगाई:रेउना में इलाज के दौरान मौत; परिजनों ने पति पर जलाकर मारने का आरोप लगाया
कानपुर के रेउना थाना क्षेत्र में पति से विवाद के बाद एक विवाहिता ने घर के अंदर खुद को आग लगा ली। गंभीर रूप से झुलसी महिला को परिजन पहले नजदीकी निजी अस्पताल ले गए। हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उसे उर्सला अस्पताल रेफर कर दिया। यहां देर रात उपचार के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया। घटना की जानकारी मिलने पर पहुंचे मायके पक्ष के लोगों ने पति पर बेटी को जलाकर मारने का आरोप लगाया। परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सजेती थाना क्षेत्र के बीबीपुर गांव निवासी श्यामू मजदूरी करते हैं। उनके मुताबिक, उनकी बहन कौशल्या (25) की शादी करीब सात साल पहले बीबीपुर निवासी सोमप्रकाश से हुई थी। दंपती के दो बेटे दीपक और हर्ष हैं। श्यामू ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही सोमप्रकाश बहन के साथ आए दिन मारपीट करता था। वह शराब के नशे में घर पहुंचकर अक्सर उसके साथ मारपीट करता था। कौशल्या फोन कर मायके वालों को अपनी परेशानी बताती थी। इस पर कई बार परिवार के लोग ससुराल पहुंचकर सोमप्रकाश को समझा चुके थे, लेकिन उसकी हरकतों में सुधार नहीं हुआ। पैसों को लेकर हुआ था विवाद पति सोमप्रकाश के मुताबिक, गुरुवार रात करीब 10:30 बजे उसका पत्नी से पैसों को लेकर विवाद हो गया था। इसके बाद वह घर से बाहर चला गया। इसी दौरान कौशल्या ने घर में रखा डीजल अपने ऊपर डालकर आग लगा ली। उसकी चीख-पुकार सुनकर परिजन कमरे में पहुंचे तो वह आग की लपटों से घिरी हुई थी। यह देख घर में चीख-पुकार मच गई। परिजनों ने आनन-फानन पानी डालकर आग बुझाई और गंभीर हालत में उसे पास के निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने महिला की हालत गंभीर बताते हुए उर्सला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन उसे लेकर उर्सला पहुंचे, जहां देर रात उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बेटी को झुलसी हालत में देख मायके वालों ने लगाया आरोप महिला की मौत की सूचना परिजनों ने फोन कर मायके पक्ष को दी। जानकारी मिलते ही मायके के लोग अस्पताल पहुंचे। बेटी की मौत की जानकारी और झुलसने की परिस्थितियों को लेकर उन्होंने पति पर उसे जलाकर मारने का आरोप लगाया। परिजनों ने डायल 112 पर फोन कर पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना पर रेउना थाने की पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। तहरीर मिलने पर होगी कार्रवाई रेउना थाना प्रभारी ने बताया कि मायके पक्ष ने पति पर हत्या का आरोप लगाया है। हालांकि, अभी तक परिजनों की ओर से कोई लिखित तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User