पुलिस के सामने महिलाओं ने पैमाइश के पत्थर उखाड़े, VIDEO:महोबा में दलित परिवार ने डीएम से शिकायत की

Nov 17, 2026 - 11:22
0
पुलिस के सामने महिलाओं ने पैमाइश के पत्थर उखाड़े, VIDEO:महोबा में दलित परिवार ने डीएम से शिकायत की
महोबा में पुलिस और राजस्व टीम की मौजूदगी में ही दबंगों ने खुलेआम गुंडई दिखाई। जमीन की पैमाइश के बाद लगाए गए सीमांकन के पत्थर को दबंग परिवार की महिलाओं ने उखाड़ फेंका और मौके पर मौजूद दो दरोगा समेत पुलिसकर्मी मूकदर्शक बने रहे। अब इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद पीड़ित दलित परिवार ने डीएम से न्याय की गुहार लगाई है। महोबा में दबंगों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि उन्हें अब न तो कानून का डर है और न ही खाकी का खौफ। ताजा मामला श्रीनगर थाना क्षेत्र के बड़ापुरा मोहल्ले का है, जहां रविवार को राजस्व और पुलिस टीम की मौजूदगी में गाटा संख्या 427/4 की हदबंदी की जा रही थी। पैमाइश पूरी होने के बाद राजस्व टीम ने सीमांकन के खंभे गाड़ दिए। लेकिन इसी दौरान आरोप है कि भूपेंद्र राजपूत, सचिन राजपूत, मानू, इंद्रपाल, राजेंद्र, पवन, अर्जुन और महेंद्र राजपूत अपने परिवार की महिलाओं के साथ मौके पर आ धमके। आरोप है कि दबंगों ने पीड़ित दलित परिवार के साथ जातिगत गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। हैरानी की बात यह रही कि मौके पर लेखपाल, कानूनगो और दो दरोगा सहित पुलिस बल मौजूद था, लेकिन दबंग परिवार की महिलाओं ने पुलिस के ठीक सामने ही पैमाइश के पत्थर उखाड़ कर फेंक दिए। इस दौरान पुलिसकर्मी दबंगों को रोकने की हिम्मत तक नहीं जुटा सके और मूकदर्शक बनकर तमाशा देखते रहे। स्थानीय थाने में तहरीर देने के बाद भी जब कोई कार्रवाई नहीं हुई, तो पीड़ित श्यामबाई और उनके पति मातादीन अहिरवार मंगलवार सुबह करीब 10 बजे डीएम कार्यालय पहुंचे और शिकायती पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। फिलहाल, पुलिस की मौजूदगी में गुंडई का यह वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। मामले के तूल पकड़ने के बाद अब श्रीनगर थाना प्रभारी ने जांच कर कानूनी कार्रवाई करने की बात कही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User