राहुल हत्याकांड: संभल की जिला कोर्ट में पत्नी-प्रेमी की पेशी:ग्राइंडर से किए शव के टुकड़े, सिर गंगा और धड़ नाले में फेंका; हाथ पर गुदे नाम से पहचान हुई थीं

Nov 05, 2026 - 13:07
0
राहुल हत्याकांड: संभल की जिला कोर्ट में पत्नी-प्रेमी की पेशी:ग्राइंडर से किए शव के टुकड़े, सिर गंगा और धड़ नाले में फेंका; हाथ पर गुदे नाम से पहचान हुई थीं
संभल। चंदौसी में पति की हत्या कर शव के टुकड़े करने के चर्चित मामले में गुरुवार को जिला न्यायालय में सुनवाई होगी। आरोप है कि पत्नी रूबी ने प्रेमी गौरव के साथ मिलकर पति राहुल की हत्या की थी। इसके बाद ग्राइंडर से शव के टुकड़े किए और अलग-अलग जगहों पर फेंक दिए थे। घर से करीब एक किलोमीटर दूर ईदगाह रोड स्थित नाले से 15 दिसंबर 2025 की सुबह राहुल का धड़ बरामद हुआ था। मामला चंदौसी कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला चुन्नी का है। मृतक राहुल पुत्र जसवंत मूल रूप से नगर पंचायत गंवा कस्बा, थाना रजपुरा, तहसील गुन्नौर का रहने वाला था। करीब तीन साल पहले वह पत्नी और बच्चों के साथ चंदौसी में रहने लगा था। राहुल की शादी रूबी से करीब 15 साल पहले हुई थी। शुरुआत में वह मजदूरी करता था, बाद में उसने जूते का कारोबार शुरू कर दिया था। पत्नी ने 24 नवंबर को दर्ज कराई थी गुमशुदगी पुलिस के मुताबिक, 18 नवंबर 2025 को राहुल लापता हो गया था। इसके बाद 24 नवंबर को पत्नी रूबी ने चंदौसी कोतवाली में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई। जांच के दौरान 15 दिसंबर की सुबह घर से करीब एक किलोमीटर दूर ईदगाह रोड स्थित नाले में शव का धड़ मिला। प्रेमी के साथ मिलकर हत्या करने का आरोप पुलिस जांच में सामने आया कि रूबी का मोहल्ले के रहने वाले गौरव के साथ प्रेम-प्रसंग था। आरोप है कि 18 नवंबर की रात राहुल ने दोनों को एक साथ देख लिया था। इसके बाद गौरव अपने दोस्त जितेंद्र का ग्राइंडर लेकर आया। आरोप है कि दोनों ने राहुल की हत्या कर दी और ग्राइंडर से शव के टुकड़े करके अलग-अलग जगहों पर फेंक दिए। बताया गया कि घटनास्थल के पास ही करीब 20 कदम की दूरी पर ससुराल और मायका आमने-सामने थे। करीब 4 फीट चौड़ी गली में हुई इस वारदात की भनक आसपास के लोगों को भी नहीं लगी। बाजू पर गुदे नाम से हुई पहचान पुलिस को 20/21 दिसंबर को मिले शव के बाजू पर राहुल नाम गुदा हुआ मिला था। इसी आधार पर पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई और पत्नी की ओर से दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट से कड़ियां जोड़ीं। इसके बाद पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए 22 दिसंबर 2025 को पत्नी रूबी और उसके प्रेमी गौरव को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। दरोगा की गवाही के बाद आज फिर सुनवाई इस हत्याकांड में पिछली सुनवाई 22 अक्टूबर को हुई थी। उस दिन दरोगा ओम कुमार ने अदालत में गवाही दी थी। जिला शासकीय अधिवक्ता राहुल दीक्षित ने बताया कि गुरुवार को मामले में गवाही होगी। अब अदालत की कार्यवाही पर सभी की नजरें टिकी हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User