त्योहारों पर बदला ट्रैफिक प्लान:4 बजे से लागू होगा डायवर्जन; अंसारी चौक से डिप्टीगंज तक 4 पहिया वाहन और ई-रिक्शा बैन
आगामी धनतेरस, दीपावली और भैयादूज जैसे प्रमुख त्योहारों के मद्देनजर बाजारों में उमड़ने वाली भारी भीड़ और सुगम यातायात व्यवस्था को सुनिश्चित करने के लिए जिला पुलिस-प्रशासन ने सख्त ट्रैफिक डायवर्जन प्लान तैयार किया है। बाजारों में आम जनता को खरीदारी के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा या जाम का सामना न करना पड़े, इसके लिए महत्वपूर्ण मार्गों पर वाहनों की आवाजाही को प्रतिबंधित किया गया है। यह नई व्यवस्था बृहस्पतिवार शाम 4 बजे से लागू होगी और 12 नवम्बर तक प्रभावी रहेगी। अंसारी चौक से अम्बर सिनेमा और डिप्टीगंज तक रूट बंद यातायात एडवाइजरी के अनुसार, अंसारी चौक से अम्बर सिनेमा और डिप्टीगंज तक के मार्ग पर चार पहिया वाहनों और ई-रिक्शा के संचालन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। इस मार्ग पर केवल पैदल यात्रियों को प्राथमिकता दी जाएगी ताकि लोग आसानी से खरीदारी कर सकें। डिप्टीगंज की ओर से अंसारी चौक या चौक की तरफ जाने वाले ई-रिक्शा और कार-जीप प्रतिबंधित रहेंगे। अंसारी चौक बाजार से हनुमान चौक की ओर जाने वाले रास्ते पर विशेष बैरिकेडिंग की जाएगी। सरकारी अस्पताल के सामने से निकलेंगे वाहन अंसारी चौक से डिप्टीगंज मार्ग बंद होने के कारण सभी ई-रिक्शा और चार पहिया वाहन अब सरकारी अस्पताल के सामने वाले मार्ग से संचालित होंगे। सीओ सिटी प्रखर पांडेय ने बताया कि यह डायवर्जन अग्रिम आदेशों तक जारी रहेगा। अंसारी रोड से डिप्टीगंज के मध्य रहने वाले स्थानीय निवासियों को अपना वैध पहचान पत्र या वाहन के कागजात दिखाने के बाद ही प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। ुरानी जेल, मोती बाग और पुरानी कोतवाली में बने पार्किंग स्थल बाजार में आने वाले सभी वाहन स्वामियों से प्रशासन ने विशेष अपील की है कि वे अपने वाहनों को सड़क किनारे या अवैध स्थानों पर खड़ा करने के बजाय निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही पार्क करें। इसके लिए पुरानी जेल, मोती बाग और पुरानी कोतवाली परिसर में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। सड़क पर वाहन खड़ा पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)