बागपत में दीपोत्सव के प्रचार वाहन को हरी झंडी:डीएम ने अयोध्या के ज्योतिर्मय यूपी दीपोत्सव में शामिल होने के लिए लोगों को किया आमंत्रित
बागपत। उत्तर प्रदेश को उत्सव प्रदेश के रूप में नई पहचान दिलाने के लिए प्रदेश सरकार लगातार सांस्कृतिक और धार्मिक आयोजनों को बढ़ावा दे रही है। अयोध्या के दीपोत्सव से लेकर काशी की देव दीपावली और प्रयागराज के कुंभ तक प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत की गूंज अब देश ही नहीं, बल्कि विदेशों तक पहुंच रही है। इसी कड़ी में अयोध्या धाम में आयोजित होने वाले ज्योतिर्मय यूपी दीपोत्सव कार्यक्रम में बागपत के लोगों को शामिल होने के लिए आमंत्रित किया जा रहा है।
इसी उद्देश्य से बागपत कलेक्ट्रेट परिसर से सूचना विभाग के विशेष प्रचार वाहन को जिलाधिकारी दिव्यांशु पटेल ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान प्रचार वाहन के माध्यम से जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों को अयोध्या में आयोजित होने वाले दीपोत्सव कार्यक्रम की जानकारी दी जाएगी और उन्हें कार्यक्रम में शामिल होने के लिए जागरूक किया जाएगा।कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में विकास के साथ सांस्कृतिक विरासत को भी आगे बढ़ाया जा रहा है। सरकार की 'विकास भी, विरासत भी' की थीम के तहत धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों को नई पहचान दिलाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश की आस्था के प्रमुख केंद्र बागपत स्थित श्री परशुरामेश्वर पुरा महादेव मंदिर सहित जनपद के विभिन्न धार्मिक और पर्यटन स्थलों को भी देशभर में पहचान दिलाने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं।
जिला सूचना अधिकारी राहुल भाटी ने जनपदवासियों से अपील की कि वे अयोध्या में आयोजित ज्योतिर्मय यूपी दीपोत्सव कार्यक्रम में शामिल होकर प्रदेश की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत से जुड़ें। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन हमारी परंपराओं और संस्कृति को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)