रावतपुर में नगर निगम ने चौराहे से स्मृति चिह्न हटाए:यूथ बिग्रेड ने विरोध में प्रदर्शन किया, जिलाधिकारी के नाम ज्ञापन सौंपा

Nov 13, 2026 - 20:00
0
रावतपुर में नगर निगम ने चौराहे से स्मृति चिह्न हटाए:यूथ बिग्रेड ने विरोध में प्रदर्शन किया, जिलाधिकारी के नाम ज्ञापन सौंपा
कानपुर के रावतपुर के केशवपुरम स्थित सिलिंडर चौराहे पर पत्थर से बने कृत्रिम सिलिंडर और महापुरुषों के स्मृति चिह्नों को तोड़कर हटाए जाने का मामला तूल पकड़ने लगा है। नगर निगम की इस कार्रवाई के विरोध में शुक्रवार देर शाम मुलायम सिंह यूथ बिग्रेड के कार्यकर्ताओं ने चौराहे पर पहुंचकर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने इसे महापुरुषों का अपमान बताते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इस दौरान 'महापुरुषों का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान' के नारे भी लगाए गए। कार्यकर्त्ताओ ने कहा महापुरुषों का अपमान किया गया दरअसल, शुक्रवार सुबह केशवपुरम स्थित सिलिंडर चौराहे पर बैकहो लोडर की मदद से पत्थर से बने कृत्रिम सिलिंडर और वहां लगे महापुरुषों के स्मृति चिह्नों को तोड़कर हटा दिया गया था। इसके बाद मलबे को ट्रैक्टर में भरकर ले जाया गया। पूरी कार्रवाई का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद मामला चर्चा में आ गया। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई नगर निगम की ओर से कराई गई थी। वीडियो सामने आने के बाद मुलायम सिंह यूथ बिग्रेड के जिलाध्यक्ष सौरभ सिंह कार्यकर्ताओं के साथ देर शाम सिलिंडर चौराहे पर पहुंचे। उन्होंने कार्रवाई पर नाराजगी जताते हुए कहा कि बिना किसी पूर्व सूचना के महापुरुषों के स्मृति चिह्नों को उखाड़कर ले जाना बेहद आपत्तिजनक है। महापुरुषों के स्मृति चिह्न समाज की भावनाओं और सम्मान से जुड़े होते हैं। उन्हें इस तरह तोड़कर हटाना किसी भी सूरत में उचित नहीं है। प्रदर्शन की सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार्यकर्ताओं को समझा भी जाकर कराया शांत प्रदर्शन की सूचना पर रावतपुर और कल्याणपुर थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। और हंगामा काट रहे कार्यकर्ताओं को समझा बुझाकर शांत कराया कार्यकर्ताओं ने मामले में जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई। इसके बाद जिलाध्यक्ष सौरभ सिंह ने तीन सूत्रीय मांगों को लेकर जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन रावतपुर थाना प्रभारी को सौंपा। कार्यकर्ता बोले वापस लगे स्मृति चिन्ह हटाने वालो पर हो कार्रवाई ज्ञापन में मांग की गई कि महापुरुषों के स्मृति चिह्नों को हटाने के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। हटाए गए स्मृति चिह्नों को वापस लाकर सुरक्षित रखा जाए और उन्हें पूरे सम्मान के साथ दोबारा स्थापित कराया जाए। कार्यकर्ताओं ने कहा कि विकास कार्यों या किसी अन्य प्रशासनिक कार्रवाई के नाम पर महापुरुषों के सम्मान और उनसे जुड़ी जनभावनाओं की अनदेखी नहीं की जानी चाहिए। सौरभ सिंह ने कहा कि पहले मंदिर-मस्जिदों को गिराए जाने की घटनाएं सामने आती थीं और अब महापुरुषों के स्मृति चिह्नों पर भी इसी तरह की कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन को इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई करनी चाहिए। साथ ही स्मृति चिह्नों को पहले की तरह सम्मानजनक स्थान पर स्थापित कराया जाना चाहिए।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User