रंगदारी का आरोपी उधम सिंह शराब पार्टी करता दिखा:9 लोगों के साथ फोटो सामने आई, 25 हजार का इनामी मेरठ पुलिस की पकड़ से दूर
मेरठ में 50 लाख रुपए की रंगदारी के मामले में फरार 25 हजार रुपए का इनामी उधम सिंह करनावल शराब पार्टी करता दिखा। उसकी 9 लोगों के साथ शराब पार्टी की फोटो सोशल मीडिया पर सामने आई है। पुलिस की कई टीमें उधम सिंह की तलाश कर रही हैं। तस्वीरें वायरल करने वाले उसके साथी पुलिस को चुनौती देते दिख रहे हैं। हाईकोर्ट से गिरफ्तारी पर रोक मिलने के बाद उधम सिंह के मेरठ छोड़ने की चर्चा थी। कुछ दिन बाद उसका एक वीडियो सामने आया था। उसमें वह शुगर मिल के एक अधिकारी के कमरे में बैठा दिखा था। इसके बाद उधम सिंह और उसके शूटर इनामुल्लाह पर रियल एस्टेट कारोबारी अंकुर शर्मा से 50 लाख रुपए की रंगदारी मांगने का आरोप लगा। विवेक विहार निवासी अंकुर शर्मा का आरोप है कि इनामुल्लाह ने उन्हें पिस्टल दिखाकर रंगदारी मांगी और विरोध करने पर उनकी कार पर गोली चलाई। 2 नवंबर को बाइक सवार दो युवक अंकुर शर्मा के कार्यालय पहुंचे। उन्होंने उन्हें एक लिफाफा दिया, जिसमें कारतूस और धमकी भरा पत्र था। इसके जरिए दोबारा रंगदारी मांगी गई। पुलिस ने इस मामले में उधम सिंह और इनामुल्लाह के खिलाफ केस दर्ज किया है। दोनों पर 25-25 हजार रुपए का इनाम घोषित करने की सिफारिश की गई है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, आरोपियों को पकड़ने के लिए कई टीमें लगाई गई हैं। तस्वीरें हाल की हैं या पुरानी, इसकी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि वायरल तस्वीरों की जांच की जा रही है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)