रावतपुर में बुजुर्ग महिला ने फांसी लगाई:10 साल से डिप्रेशन में चल रही थी, पुलिस जांच में जुटी
कानपुर के रावतपुर थाना क्षेत्र के रावतपुर गांव में 92 वर्षीय बुजुर्ग महिला ने घर के अंदर फंदा लगाकर जान दे दी। नाती के मुताबिक, वह पिछले करीब दस साल से डिप्रेशन में थीं और एक निजी डॉक्टर से उनका उपचार चल रहा था। शुक्रवार को परिवार के अन्य सदस्य एक शादी समारोह में शामिल होने बिठूर गए थे। देर रात परिजन घर लौटे तो काफी देर तक दरवाजा खटखटाने के बावजूद अंदर से कोई आवाज नहीं आई। खिड़की के झाल से झांककर देखा तो कमरे में बुजुर्ग महिला का शव फंदे से लटका मिला। यह दृश्य देखकर परिवार में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची रावतपुर पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच-पड़ताल कर साक्ष्य जुटाए। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। रावतपुर गांव निवासी मूला देवी (92) परिवार में अपने बेटे सतीश और नाती सुशील के साथ रहती थीं। नाती सुशील ने बताया कि दादी करीब दस साल से डिप्रेशन में थीं। उनका एक निजी डॉक्टर से इलाज भी चल रहा था। शुक्रवार को परिवार में बुआ की बेटी की शादी थी। सभी लोग शादी समारोह में शामिल होने बिठूर गए थे, लेकिन दादी ने साथ जाने से इनकार कर दिया था। परिवार के सदस्यों ने उन्हें कई बार साथ चलने के लिए कहा, मगर वह तैयार नहीं हुईं। सुशील ने बताया कि रात करीब एक बजे वह शादी समारोह से घर लौटा। उसने दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। काफी देर तक आवाज देने के बाद भी जब दरवाजा नहीं खुला तो उसने अपने पिता सतीश को फोन कर इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही सतीश भी घर पहुंच गए। दोनों ने काफी देर तक दरवाजा खटखटाया और आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद गेट के झाल से अंदर झांककर देखा तो कमरे में मूला देवी का शव फंदे से लटका हुआ था। यह देखकर परिजनों के होश उड़ गए। आनन-फानन में 112 नंबर पर फोन कर पुलिस को सूचना दी गई। मां की खूब सेवा करता था, नहीं समझ आया ऐसा कदम क्यों उठाया
घटना से आहत बेटे सतीश ने बताया कि वह अपनी मां की खूब सेवा करते थे। पति की मृत्यु के बाद से ही मां डिप्रेशन में रहने लगी थीं। परिवार के सभी लोग उनका पूरा ख्याल रखते थे और इलाज भी करा रहे थे। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को शादी समारोह में जाने के लिए मां से कई बार कहा था, लेकिन उन्होंने जाने से मना कर दिया। सतीश ने भावुक होकर कहा कि उन्हें जरा भी अंदाजा नहीं था कि मां ऐसा कदम उठा लेंगी। अगर उन्हें इसकी भनक भी होती तो वह उन्हें किसी भी तरह अपने साथ शादी समारोह में लेकर जाते। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर होगी आगे की कार्रवाई
रावतपुर थाना प्रभारी कमलेश राय ने बताया कि शुक्रवार देर रात करीब 1:30 बजे डायल 112 के माध्यम से बुजुर्ग महिला के फंदा लगाकर जान देने की सूचना मिली थी। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)