प्रतापगढ़ में वाहन की टक्कर से 2 युवकों की मौत:पनीर की सप्लाई देने लालगंज आ रहे थे; एक ने ट्रामा सेंटर, दूसरे ने मेडिकल कॉलेज में दम तोड़ा
प्रतापगढ़ के लालगंज में शनिवार को बोलेरो की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। दोनों पनीर की सप्लाई देने लालगंज आ रहे थे। एक ने ट्रामा सेंटर और दूसरे ने मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान दम तोड़ा। उदयपुर थाना क्षेत्र के कुसौली, राजापुर निवासी यश सिंह (18), पिता दिनेश सिंह, और शिवबोझ का पुरवा निवासी अमन तिवारी (17), पिता सूर्यभूषण तिवारी, शनिवार को बाइक से लालगंज जा रहे थे। अमांवा गांव के दौलत का पुरवा के पास उनकी बाइक बोलेरो से टकरा गई। दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से दोनों को लालगंज ट्रामा सेंटर पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने यश को मृत घोषित कर दिया। अमन की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद उसे प्रतापगढ़ मेडिकल कॉलेज भेजा गया। वहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। यश के पिता दिनेश सिंह खेती-किसानी करते हैं। यश दो भाइयों में छोटा था। उसके बड़े भाई अंकेश और तीन बहनें हैं, जो उससे बड़ी हैं। अमन की मौत की खबर के बाद उसके परिजन भी शोक में हैं। पुलिस ने हादसे में शामिल बोलेरो और मौके पर मौजूद डंपर को कब्जे में लेकर लालगंज थाने पहुंचाया। दोनों युवकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं। प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार यादव ने बताया कि बोलेरो की टक्कर से बाइक सवार दोनों युवकों की मौत हुई। वाहन को कब्जे में लिया गया है। तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)