रोटावेटर में फंसकर मजदूर की मौत:शव लेकर भागता रहा ट्रैक्टर चालक, सहजनवा में पुलिस ने पकड़ा

Nov 23, 2026 - 12:40
0
रोटावेटर में फंसकर मजदूर की मौत:शव लेकर भागता रहा ट्रैक्टर चालक, सहजनवा में पुलिस ने पकड़ा
संतकबीरनगर के मेहदावल में रविवार रात खेत की जुताई के दौरान रोटावेटर में फंसकर 50 वर्षीय मजदूर की मौत हो गई। हादसा घुरापाली गांव में रात करीब 8:30 बजे हुआ। मजदूर बेहतर जुताई के लिए रोटावेटर पर बैठा था। इसी दौरान ट्रैक्टर के झटके से संतुलन बिगड़ा और वह नीचे गिरकर मशीन में फंस गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। आरोप है कि हादसे के बाद चालक परिजनों को सूचना देने के बजाय ट्रैक्टर लेकर भागने लगा। वह शव को रोटावेटर में फंसाकर गोरखपुर के सहजनवा पहुंच गया, जहां पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। गहरी जुताई के लिए रोटावेटर पर बैठा था मजदूर घुरापाली गांव निवासी पूर्णमासी कन्नौजिया रविवार रात गांव के राकेश तिवारी के खेत में जुताई कराने गए थे। बताया जा रहा है कि रोटावेटर से खेत की गहरी जुताई नहीं हो पा रही थी। ऐसे में पूर्णमासी बेहतर जुताई के लिए रोटावेटर पर बैठ गए। इसी दौरान ट्रैक्टर के झटके से उनका संतुलन बिगड़ गया। वह नीचे गिरकर रोटावेटर में फंस गए। मशीन की चपेट में आने से उनके शरीर के कई हिस्से क्षतिग्रस्त हो गए। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। शव रोटावेटर में फंसा रहा। शव लेकर भाग रहा चालक सहजनवा में पकड़ा गया आरोप है कि ट्रैक्टर चालक गिरीश चंद निषाद (45) हादसे के बाद परिजनों को सूचना देने के बजाय ट्रैक्टर लेकर भागने लगा। ग्रामीणों ने ट्रैक्टर और रोटावेटर में शव फंसा देखा तो पुलिस को सूचना दी। चालक ट्रैक्टर लेकर गोरखपुर के सहजनवा थाना क्षेत्र में भक्सा-माड़र सीवान स्थित मदरहा रेगुलेटर के पास पहुंचा। पुलिस टीम को देखकर उसने भागने की कोशिश की, लेकिन जवानों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। ट्रैक्टर-रोटावेटर कब्जे में, पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव पुलिस ने ट्रैक्टर-रोटावेटर में फंसे शव को बाहर निकलवाया और कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रभारी थानाध्यक्ष बलराम पांडेय ने बताया कि मृतक और ट्रैक्टर चालक दोनों संतकबीरनगर जिले के मेहदावल थाना क्षेत्र स्थित घुरापाली गांव के रहने वाले हैं। चालक के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है। हादसे के बाद भी नहीं रोकी मशीन, शव लेकर भागता रहा चालक खेत में जिस मशीन से मजदूर परिवार का पेट पालने के लिए काम कर रहा था, वही उसकी मौत का कारण बन गई। हादसे के बाद परिवार को सूचना देकर मदद बुलाने के बजाय चालक ट्रैक्टर लेकर भागने लगा। रोटावेटर में फंसा शव और खून से सना ट्रैक्टर देखकर रास्ते में लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई। पुलिस की सक्रियता से चालक पकड़ा गया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा सका।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User