कानपुर में ऑटो चालक ने की 15 लाख की चोरी:शादी में जाने के लिए ऑटो बुक की थी, ड्राइवर ने रास्ते में सुनी घर खाली होने की बात
कानपुर के बर्रा-2 में शादी समारोह में शामिल होने गई महिला के बंद मकान का ताला तोड़कर चोरों ने 15 लाख रुपए का माल चोरी कर लिया। चोर सोने-चांदी के जेवर और 50 हजार रुपए कैश ले गए। महिला 21 नवंबर की दोपहर बेटी के साथ रिश्तेदार की शादी में शामिल होने बिल्हौर गई थी। घर पर ताला लगा था। रविवार सुबह दुकान पर सामान लेने पहुंचे ग्राहक ने मेनगेट खुला देखकर पड़ोसियों को सूचना दी। इसके बाद चोरी का पता चला। पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरे खंगाले तो दो युवक ताला तोड़कर घर में घुसते दिखे। महिला ने फुटेज में एक आरोपी की पहचान ऑटो ड्राइवर के रूप में की, जो उन्हें घर से रावतपुर स्टेशन छोड़ने गया था। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। ऑटो से रावतपुर स्टेशन गई थी महिला बर्रा-2 के रहने वाली रचना कुशवाहा घर में किराने की दुकान चलाती हैं। पति रामबाबू की मौत के बाद वह बेटे रंजीत (19) और बेटी मुस्कान (17) के साथ रहती हैं। उन्होंने बताया कि 21 नवंबर को बिल्हौर के रहने वाले रिश्तेदार के बेटे की शादी में शामिल होने के लिए दोपहर करीब 2:30 बजे बेटी के साथ घर से निकली थीं। बेटा पड़ोस में रहने वाले जेठ श्यामबाबू के घर रुका था। रावतपुर स्टेशन जाने के लिए उन्होंने ऑटो बुक किया था। रास्ते में वह बेटी से घर बंद होने को लेकर चिंता जाहिर कर रही थीं। आरोप है कि ऑटो ड्राइवर उनकी बातें ध्यान से सुन रहा था। एक घंटे तक रेकी, फिर ताला तोड़कर घुसे देर रात करीब 3 बजे स्कूटी सवार दो युवक घर के पास पहुंचे। करीब एक घंटे तक रेकी करने के बाद मेनगेट का ताला तोड़कर अंदर घुस गए। चोरों ने अलमारी का लॉकर तोड़कर सोने की चेन, 3 जोड़ी पायल, 2 जोड़ी झाले, झुमकी, हार और नाक की कील समेत करीब 14.50 लाख रुपए के जेवर चोरी कर लिए। इसके अलावा 50 हजार रुपए कैश भी पार कर दिया। ग्राहक ने खुला गेट देखकर पड़ोसियों को बताया रविवार सुबह करीब 7:30 बजे एक ग्राहक रचना की दुकान पर सामान लेने पहुंचा। उसने घर का मेनगेट खुला देखकर पड़ोसियों को जानकारी दी। पड़ोसियों से सूचना मिलने पर रचना का बेटा रंजीत आनन-फानन में घर पहुंचा। अंदर अलमारी और लॉकर टूटे देखकर उसने परिजनों और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरे खंगाले। फुटेज में दो युवक मेनगेट का ताला तोड़कर घर में घुसते दिखाई दिए। महिला ने CCTV में दिखे युवक को ऑटो ड्राइवर बताया रचना ने फुटेज में कैद एक युवक की पहचान ऑटो ड्राइवर के रूप में की। उनका कहना है कि यही युवक उन्हें घर से रावतपुर स्टेशन तक छोड़ने गया था। रास्ते में घर बंद होने को लेकर बेटी से की गई बातचीत ऑटो ड्राइवर ने सुन ली थी। थाना प्रभारी क्षितिज कुमार सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)