सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी का आखिरी ग्रुप राउंड आज:सुपर लीग के लिए 8 टीमों में मुकाबला; मुंबई, विदर्भ और बड़ौदा पहले ही क्वालिफाई
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2026-27 के ग्रुप स्टेज का आखिरी राउंड गुरुवार को खेला जाएगा। सुपर लीग में जगह बनाने के लिए ग्रुप-B और ग्रुप-C की 8 टीमों के बीच मुकाबला होगा। ग्रुप-C में आंध्र प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, केरल और मध्य प्रदेश की टीमें दौड़ में हैं। वहीं, ग्रुप-B में दिल्ली, सौराष्ट्र, पंजाब और जम्मू-कश्मीर के पास अगले दौर में पहुंचने का मौका है। दूसरी ओर, ग्रुप-D से मुंबई और विदर्भ ने पहले छह मैचों में 22-22 अंक हासिल कर सुपर लीग में जगह पक्की कर ली है। ग्रुप-A से बड़ौदा भी 20 अंक के साथ क्वालिफाई कर चुका है। ग्रुप-C: आंध्र और हिमाचल के 20-20 अंक, केरल-एमपी को जीत जरूरी ग्रुप-C में आंध्र प्रदेश और हिमाचल प्रदेश 20-20 अंकों के साथ टॉप-2 में हैं। केरल और मध्य प्रदेश के 16-16 अंक हैं। आंध्र और हिमाचल का रास्ता: दोनों टीमें अपने आखिरी मैच जीतकर सीधे सुपर लीग में पहुंच सकती हैं। आंध्र को हार के बाद भी मौका: आंध्र का मुकाबला महाराष्ट्र से है। अगर वह हार भी जाता है, तो हिमाचल के केरल को हराने पर बेहतर नेट रन रेट (NRR) के आधार पर क्वालिफाई कर सकता है। केरल का समीकरण: हिमाचल के खिलाफ हारने पर केरल टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगा। जीतने पर वह क्वालिफिकेशन की दौड़ में बना रहेगा और फैसला नेट रन रेट से हो सकता है। मध्य प्रदेश के लिए जीत जरूरी: मध्य प्रदेश को पुडुचेरी के खिलाफ जीत हासिल करनी होगी। इसके साथ उसे उम्मीद करनी होगी कि केरल, हिमाचल को हरा दे। इससे क्वालिफिकेशन के लिए नेट रन रेट की स्थिति बन सकती है। हालांकि, इस मामले में मध्य प्रदेश का NRR ग्रुप की टॉप-3 टीमों से काफी पीछे है। ग्रुप-B: चार टीमों के 16-16 अंक, दिल्ली का NRR सबसे बेहतर ग्रुप-B में दिल्ली, सौराष्ट्र, पंजाब और जम्मू-कश्मीर के छह राउंड के बाद 16-16 अंक हैं। बेहतर नेट रन रेट के कारण दिल्ली (+2.871) पहले नंबर पर है। सौराष्ट्र (+0.478) दूसरे, पंजाब (+0.309) तीसरे और जम्मू-कश्मीर (-1.012) चौथे नंबर पर है। जम्मू-कश्मीर को जीत के साथ दूसरी टीमों के नतीजों पर निर्भर रहना होगा: उसे हरियाणा के खिलाफ अपना मैच जीतना होगा। साथ ही दिल्ली, सौराष्ट्र और पंजाब में से कम से कम दो टीमों को अपना मैच गंवाना होगा। दिल्ली, सौराष्ट्र और पंजाब का समीकरण: इन तीनों टीमों को अपना आखिरी मैच जीतना होगा। साथ ही उन्हें उम्मीद करनी होगी कि बाकी दावेदारों में से अधिकतम एक टीम ही जीत दर्ज करे। NRR से होगा फैसला: अगर दो से ज्यादा टीमें अपने-अपने मैच जीतती हैं, तो सुपर लीग में जगह का फैसला नेट रन रेट के आधार पर होगा। ग्रुप-A और D: बड़ौदा, मुंबई और विदर्भ ने बनाई जगह ग्रुप-D से मुंबई और विदर्भ ने शुरुआती छह मैचों में 22-22 अंक लेकर सुपर लीग के लिए क्वालिफाई कर लिया है। ग्रुप-A से बड़ौदा भी 20 अंक के साथ अगले दौर में पहुंच चुका है। ग्रुप-A की दूसरी टीम का फैसला बंगाल और राजस्थान के बीच होने वाले आखिरी मैच से होगा। दोनों के बीच यह मुकाबला वर्चुअल नॉकआउट होगा। अगर बड़ौदा अपना आखिरी मैच हारता है, तो ग्रुप में टॉप टीम का फैसला भी बंगाल और राजस्थान के मैच के विजेता के आधार पर होगा। जीत के साथ NRR सुधारने पर भी नजर ग्रुप-B और ग्रुप-C की सभी दावेदार टीमों को जीत के लिए मिलने वाले 4 अंकों के साथ अपना नेट रन रेट सुधारने पर भी ध्यान देना होगा। अंक बराबर रहने की स्थिति में बेहतर NRR सुपर लीग में जगह दिला सकता है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)