सेंट जोसेफ विद्यालय का 40वां वार्षिकोत्सव:महापौर बोलीं- नैतिक मूल्यों पर आधारित शिक्षा से बनते हैं बेहतर नागरिक
लखनऊ के सेंट जोसेफ विद्यालय समूह का 40वां वार्षिकोत्सव ‘अभिव्यक्ति-2026’ धूमधाम से मनाया गया। राजाजीपुरम शाखा के विशाल प्रांगण में आयोजित दो दिवसीय समारोह में बच्चों ने श्रीकृष्ण के जीवन पर आधारित संगीतमय नृत्य-नाटिका ‘यात्रा सारथी की’ प्रस्तुत की। आठ खंडों में समाहित श्रीकृष्ण चरित्र की भावपूर्ण प्रस्तुति ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि महापौर सुषमा खर्कवाल, विद्यालय समूह की संस्थापक अध्यक्ष डॉ. पुष्पलता अग्रवाल, प्रबंध निदेशक अनिल अग्रवाल, नम्रता अग्रवाल और संयुक्त निदेशक सृजन अग्रवाल ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान विद्यालय की वार्षिक पत्रिका ‘स्मृतिका’ का विमोचन भी किया गया। नैतिक मूल्यों पर आधारित शिक्षा जरूरी महापौर सुषमा खर्कवाल ने कहा कि नैतिक और संस्कार मूल्यों पर आधारित शिक्षा ही सुयोग्य नागरिक तैयार करती है। विद्यार्थियों को उच्चस्तरीय शिक्षा के साथ संस्कार देने के मामले में सेंट जोसेफ विद्यालय समूह का विशेष स्थान है। संस्थापक अध्यक्ष डॉ. पुष्पलता अग्रवाल ने कहा कि विद्यालय में पढ़ाई के साथ भारतीय संस्कृति और संस्कारों की शिक्षा पर भी विशेष जोर दिया जाता है। बाल्यकाल से ही बच्चों को अपनी संस्कृति और संस्कारों से परिचित कराना विद्यालय का उद्देश्य है। श्रीकृष्ण के जीवन पर आधारित बच्चों की प्रस्तुति इसी संदेश को आगे बढ़ाती है।
आयोजन से जुड़े लोगों की सराहना प्रबंध निदेशक अनिल अग्रवाल ने कार्यक्रम के सफल मंचन के लिए सभी सहयोगियों की सराहना की। उन्होंने विशेष रूप से संयुक्त निदेशक सृजन अग्रवाल, इवेंट कोऑर्डिनेटर पलक सिंह भदौरिया और अंकित मिश्रा के प्रयासों की प्रशंसा की। समारोह में विद्यालय समूह की विभिन्न शाखाओं के प्रधानाचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में अभिभावक मौजूद रहे। अंत में राजाजीपुरम शाखा की प्रधानाचार्य लीना शर्मा ने अतिथियों और उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)