शाहजहांपुर में सिपाही को वर्दी उतरवाने की धमकी:विवाद की सूचना पर पहुंचे थे दो सिपाही, थाने से गाड़ी बुलाने के लिए किया फोन
शाहजहांपुर के पुवायां में गुरुवार रात दो पक्षों के विवाद की सूचना पर पहुंचे सिपाही से एक युवक की कहासुनी हो गई। आरोप है कि युवक ने सिपाही को वर्दी उतरवाने की धमकी दी। सिपाही ने थाने फोन कर पुलिस की गाड़ी भेजने को कहा। थाना प्रभारी ने पुलिस से अभद्रता और वर्दी उतरवाने की धमकी देने की बात से इनकार किया है। विवाद की सूचना पर पहुंचे थे दो सिपाही घटना रात करीब 8:30 बजे थाना पुवायां क्षेत्र में खुटार रोड स्थित एक बैंक के पास की है। दो पक्षों के बीच विवाद की सूचना पर दो सिपाही मौके पर पहुंचे थे। इनमें से एक सिपाही शादी की वर्दी में बताया जा रहा है। पुलिस ने मौके से एक युवक को पकड़ लिया, जबकि विवाद कर रहे अन्य युवक वहां से चले गए। सिपाही ने फोन कर मांगी पुलिस की गाड़ी वायरल वीडियो में पकड़ा गया युवक किसी को फोन कर सिपाही से बात कराने की कोशिश करता दिख रहा है। इसी दौरान एक युवक सिपाही को वर्दी उतरवाने की धमकी देता सुनाई दे रहा है। इस पर सिपाही थाने फोन कर कहता है, "मैं यहां अकेला हूं। ये लोग मुझसे बदतमीजी कर रहे हैं। जल्दी गाड़ी भेजो।" सिपाही युवक से कहता है कि अब बात थाने में होगी। वह कहता है, "हम तुम्हें बचाने आए और उल्टा हमसे ही बदतमीजी कर रहे हो। तुम्हारे बाप की दी हुई जागीर है, जो उतरवा दोगे? चल उतरवाओ।" युवक जवाब देता है कि उसके साथ आए लोगों ने सिपाही का हाथ पकड़ लिया था। मीडियाकर्मी का मोबाइल छीना, बाद में लौटाया एक अन्य वीडियो में युवक के साथ खड़ा दूसरा व्यक्ति सिपाही से कहता है कि उसका हाथ क्यों पकड़ रहे हैं। उसे थाने ले जाना है तो आराम से बात करें। वह वर्दी उतरवाने की बात कहने वाले युवक को बुलाने के लिए भी कहता है। थाने की गाड़ी मौके पर पहुंचने के बाद वीडियो बना रहे एक मीडियाकर्मी का मोबाइल सिपाही ने छीन लिया। थाना प्रभारी के दखल के बाद मोबाइल वापस कर दिया गया। थाना प्रभारी ने धमकी की बात से किया इनकार थाना प्रभारी आरके रावत ने बताया कि मामूली विवाद हुआ था। पुलिस दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास कर रही थी। इसी दौरान एक पक्ष वहां से चला गया। उन्होंने पुलिस के साथ अभद्रता और वर्दी उतरवाने की धमकी देने की बात से इनकार किया। युवकों को थाने लाया गया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)