शामली शुगर मिल में पेराई सत्र 2026-27 का शुभारंभ:पहले गन्ना लाने वाले 4 किसान सम्मानित, प्रबंधन ने ताजा गन्ना आपूर्ति करने की अपील की
शामली। त्रिवेणी इंजीनियरिंग एंड इंडस्ट्रीज लिमिटेड की शुगर मिल में गुरुवार को पेराई सत्र 2026-27 का विधिवत शुभारंभ किया गया। सुबह 10:45 बजे निर्धारित शुभ मुहूर्त में मिल में गन्ने की पेराई शुरू हुई। इस दौरान सबसे पहले गन्ना लेकर पहुंचे चार किसानों को मिल प्रबंधन की ओर से शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। साथ ही उन्हें नए पेराई सत्र की शुभकामनाएं दी गईं।
मिल में पहली गन्ना बोगी लेकर पहुंचे ग्राम सिंभालका निवासी शीशपाल पुत्र वारू और तनु चौधरी को सम्मानित किया गया। वहीं, पहली गन्ना ट्रॉली लेकर पहुंचे ग्राम एरटी निवासी देवेंद्र पुत्र लक्ष्मीचंद और ग्राम बलवा निवासी संजीव कुमार पुत्र इंद्रवीर शर्मा को भी शॉल ओढ़ाकर सम्मान दिया गया। इस अवसर पर मिल के उपाध्यक्ष एवं इकाई प्रमुख संजय शर्मा ने कहा कि गन्ना किसान चीनी उद्योग की आधारशिला हैं। मिल की सफलता में किसानों का महत्वपूर्ण योगदान है। मिल प्रबंधन किसानों के हितों की रक्षा करने और उन्हें बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि किसानों और मिल प्रबंधन के बीच आपसी विश्वास और समन्वय से ही पेराई सत्र सफल हो सकेगा। मिल प्रबंधन के अनुसार, पेराई सत्र के संचालन के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मिल क्षेत्र के बाहरी गन्ना क्रय केंद्रों पर भी तौल का काम जारी है। किसानों से निर्धारित आपूर्ति कार्यक्रम के अनुसार ही गन्ना मिल में भेजने की अपील की गई है। मिल प्रबंधन ने किसानों से ताजा, साफ-सुथरा और जड़ व अगोला रहित गन्ना आपूर्ति करने का आग्रह किया। साथ ही पर्ची मिलने के बाद ही गन्ने की कटाई करने और कटाई के बाद जल्द से जल्द मिल तक पहुंचाने की अपील की, ताकि गन्ने के वजन और गुणवत्ता में कमी न आए। कार्यक्रम में मिल के सभी विभागाध्यक्ष, अधिकारी, कर्मचारी और क्षेत्र के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)