करंट से प्राइवेट विद्युत कर्मचारी की मौत:शटडाउन के बाद भी बिजली सप्लाई चालू करने का आरोप; ग्रामीणों ने शव रखकर लगाया जाम
आगरा के पिनाहट थाना क्षेत्र में प्राइवेट विद्युत कर्मचारी की मौत के बाद ग्रामीणों और परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित ग्रामीणों ने नदगवां तिराहे पर शव रखकर जाम लगा दिया और विद्युत विभाग के खिलाफ जमकर हंगामा किया। परिजनों ने विद्युत विभाग के संविदा कर्मी और अन्य कर्मचारियों पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि विद्युत लाइन पर काम करने के लिए शटडाउन लिया गया था, इसके बावजूद बिजली सप्लाई चालू कर दी गई। इससे करंट की चपेट में आने से प्राइवेट कर्मचारी राकेश की मौत हो गई। परिजनों ने आरोप लगाया कि घटना के बाद विभागीय रिकॉर्ड और रजिस्टर भी गायब कर दिए गए। वहीं, विद्युत विभाग ने मृतक राकेश को अपना कर्मचारी मानने से इनकार कर दिया। इसको लेकर ग्रामीणों में और आक्रोश फैल गया।
परिजन मृतक के परिवार को उचित मुआवजा देने और लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग पर अड़ गए। उनकी मांग थी कि मौके पर उच्चाधिकारी पहुंचकर उनकी बात सुनें और कार्रवाई का आश्वासन दें।
करीब एक घंटे तक नदगवां तिराहे पर जाम लगा रहा। सूचना पर एसडीएम और एसीपी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी आक्रोशित ग्रामीणों व परिजनों को समझाने का प्रयास करते रहे। घटना के बाद इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)