सहारनपुर के युवकों को जबरन रूसी सेना में कराया भर्ती:दोनों को नौकरी का सपना दिखाकर भेजा था रूस, टूरिस्ट वीजा पर दो महीने पहले गए थे, 52 लाख पैकेज का झांसा

Nov 19, 2026 - 20:11
0
सहारनपुर के युवकों को जबरन रूसी सेना में कराया भर्ती:दोनों को नौकरी का सपना दिखाकर भेजा था रूस, टूरिस्ट वीजा पर दो महीने पहले गए थे, 52 लाख पैकेज का झांसा
विदेश में अच्छी नौकरी और लाखों रुपये के वेतन का सपना लेकर रूस गए सहारनपुर के दो युवक अब वहां से सुरक्षित भारत लौटने के लिए गुहार लगा रहे हैं। आरोप है कि चंडीगढ़ के एक एजेंट ने दोनों युवकों को बेहतर नौकरी और करीब 52 लाख रुपये के पैकेज का लालच देकर टूरिस्ट वीजा पर रूस भेजा था। लेकिन वहां पहुंचते ही उनके साथ धोखाधड़ी की गई। दोनों के पासपोर्ट और जरूरी दस्तावेज अपने कब्जे में लेकर उनकी इच्छा के विरुद्ध रूसी सेना में भर्ती करा दिया गया। अब दोनों युवकों ने वीडियो कॉल के जरिए अपने परिवारों को पूरी आपबीती बताई है। युद्ध क्षेत्र में भेजे जाने की आशंका से दोनों डरे हुए हैं। मामला बड़गांव क्षेत्र के गांव मिर्जापुर का है। यहां के अमित पुत्र सुशील और गंगाराम पुत्र मुवासी करीब दो महीने पहले चंडीगढ़ के एक एजेंट के संपर्क में आए थे। एजेंट ने उन्हें रूस में अच्छी नौकरी दिलाने और करीब 52 लाख रुपये के पैकेज का भरोसा दिया था। विदेश में बेहतर भविष्य की उम्मीद में दोनों युवक उसके झांसे में आ गए। आरोप है कि एजेंट ने उनसे लाखों रुपये लेने के बाद टूरिस्ट वीजा पर रूस भेज दिया। युवकों और उनके परिवारों को उम्मीद थी कि वहां पहुंचकर नौकरी शुरू हो जाएगी, लेकिन रूस पहुंचने के बाद हालात पूरी तरह बदल गए। परिजनों के मुताबिक, रूस पहुंचने के बाद दोनों युवकों के पासपोर्ट और अन्य जरूरी दस्तावेज ले लिए गए। इसके बाद उनकी मर्जी के बिना रूसी सेना में भर्ती करा दिया गया। युवकों ने वीडियो कॉल के माध्यम से परिवार वालों को बताया कि उन्हें सेना में शामिल कर लिया गया है। अब उन्हें युद्ध क्षेत्र में भेजे जाने का डर सता रहा है। दोनों लगातार अपने परिजनों से संपर्क कर भारत वापस बुलाने की गुहार लगा रहे हैं। बीमारी और गोली लगने से अस्पताल पहुंचे दोनों युवक रूस में फंसे दोनों युवकों की मुश्किलें यहीं खत्म नहीं हुईं। परिजनों के अनुसार, गंगाराम के पेट में दर्द होने पर उसकी जांच कराई गई तो पथरी का पता चला। इसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। वहीं, अमित ने भी युद्ध क्षेत्र में भेजे जाने से बचने के लिए अपने पैर में गोली मार ली। इसके बाद उसे भी अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल में उपचार के दौरान दोनों ने वीडियो कॉल कर अपने परिवारों को अपनी स्थिति बताई। बेटों की परेशानी और वहां के हालात सुनकर परिवारों में चिंता का माहौल है। लाखों रुपये खर्च करने के बाद भी बेटों की सुरक्षा की चिंता अमित के पिता सुशील और गंगाराम के पिता मुवासी का कहना है कि एजेंट ने उनके बेटों को विदेश में अच्छी नौकरी और मोटे वेतन का भरोसा दिलाया था। इसी उम्मीद में उन्होंने लाखों रुपये खर्च किए थे। उन्हें बिल्कुल अंदाजा नहीं था कि नौकरी दिलाने के नाम पर उनके बेटों को इस तरह सेना में भर्ती करा दिया जाएगा। अब परिवारों को सबसे ज्यादा चिंता इस बात की है कि कहीं उनके बेटों को युद्ध क्षेत्र में न भेज दिया जाए। दोनों परिवार चाहते हैं कि किसी तरह उनके बेटे सुरक्षित भारत लौट आएं। पूर्व सांसद और विधायक से मिले परिजन, विदेश मंत्रालय से हस्तक्षेप की मांग दोनों युवकों की सुरक्षित वापसी के लिए परिवारों ने राजनीतिक स्तर पर भी प्रयास शुरू कर दिए हैं। गुरुवार को अमित और गंगाराम के परिजन पूर्व सांसद राघव लखन पाल शर्मा और रामपुर मनिहारान के भाजपा विधायक देवेंद्र निम से मिले। उन्होंने पूरे मामले की जानकारी देते हुए बताया कि किस तरह नौकरी का झांसा देकर उनके बेटों को रूस भेजा गया और वहां उनकी मर्जी के खिलाफ सेना में भर्ती करा दिया गया। परिजनों ने केंद्र सरकार और विदेश मंत्रालय के स्तर पर हस्तक्षेप कर दोनों युवकों को सुरक्षित भारत वापस लाने की मांग की। प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर हस्तक्षेप की मांग करेंगे विधायक रामपुर मनिहारान के भाजपा विधायक देवेंद्र निम ने बताया कि दोनों युवकों के परिजन उनसे मिलने आए थे। उन्होंने परिवारों को भरोसा दिलाया है कि इस मामले में प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर हस्तक्षेप करने की मांग करेंगे। पीड़ित परिवारों की हरसंभव मदद की जाएगी। फिलहाल दोनों परिवारों की निगाहें केंद्र सरकार और विदेश मंत्रालय की कार्रवाई पर टिकी हैं। उनकी एक ही मांग है कि रूस में फंसे दोनों युवकों को जल्द से जल्द सुरक्षित भारत वापस लाया जाए।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User