सहारनपुर में खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी:किसान डेयरी से मावे का नमूना लिया, मिलावट की आशंका पर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा
सहारनपुर में खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमार कार्रवाई लगातार जारी है। शुक्रवार रात तक विभागीय टीम ने अलग-अलग खाद्य कारोबारियों के यहां निरीक्षण और जांच अभियान चलाया। देवबंद तहसील के गांव बेगमपुर स्थित किसान डेयरी पर छापा मारकर मावे का नमूना संग्रहित किया गया। संदेह के आधार पर लिए गए इस नमूने को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। शनिवार सुबह 10 बजे सहायक आयुक्त खाद्य-II डॉ चमनलाल ने इस कार्रवाई की जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि खाद्य सुरक्षा विभाग की यह कार्रवाई आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तर प्रदेश, लखनऊ के आदेशों और डीएम के निर्देशों के तहत की जा रही है। अभियान का उद्देश्य बाजार में बिकने वाले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करना और मिलावटखोरी पर अंकुश लगाना है। देर शाम खाद्य सुरक्षा अधिकारी उमेश कुमार और कुलदीप तिवारी ने देवबंद तहसील के गांव बेगमपुर में स्थित किसान डेयरी का निरीक्षण किया। टीम के पहुंचने पर खाद्य कारोबार से जुड़े दिनेश की मौजूदगी में डेयरी की जांच की गई। इस दौरान मावे की गुणवत्ता को लेकर संदेह होने पर उसका एक नमूना संग्रहित किया गया। विभागीय टीम ने नमूने को सील कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया। यह पूरी कार्रवाई डॉ. चमन लाल के नेतृत्व और मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज कुमार गुप्ता के निर्देशन में की जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक,खाद्य पदार्थों में मिलावट की शिकायतों और आशंका को गंभीरता से लिया जा रहा है। इसी वजह से बाजारों,दुकानों और खाद्य पदार्थ तैयार करने वाली इकाइयों पर लगातार नजर रखी जा रही है। खाद्य सुरक्षा विभाग का कहना है कि आमजन की सेहत से खिलवाड़ करने वाले कारोबारियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। जांच में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता मानकों के विपरीत मिलने या मिलावट की पुष्टि होने पर संबंधित कारोबारियों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने बताया कि जिले में यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। प्रयोगशाला से रिपोर्ट मिलने के बाद किसान डेयरी से लिए गए मावे के नमूने के संबंध में भी नियमानुसार अगला कदम उठाया जाएगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)